
संत गणिनाथ जी पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मद्धेशिया समाज में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
बरहज, देवरिया में मद्धेशिया समाज ने संत गणिनाथ जी महाराज पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर रोष जताया। समाज के पदाधिकारियों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी प्रवेश शाह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
- देवरिया के बरहज में समाज के लोगों ने थाने में दी तहरीर, आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
बरहज (देवरिया)। मंगलवार को मद्धेशिया समाज के लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने कुलगुरु संत गणिनाथ जी महाराज के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। इस संबंध में समाज के पदाधिकारियों ने थाना कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
तहरीर देने पहुंचे मध्यदेशीय वैश्य महासभा के पदाधिकारियों में पियूष मद्धेशिया (कोषाध्यक्ष), मोहित मद्धेशिया (महामंत्री), पुरुषोत्तम मद्धेशिया, अमित मद्धेशिया, उपेंद्र मद्धेशिया, तपन मद्धेशिया, अमरनाथ मद्धेशिया तथा कुलभूषण मद्धेशिया सहित अन्य लोग शामिल रहे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को अवगत कराया कि खगड़िया (बिहार) निवासी प्रवेश शाह द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संत गणिनाथ जी महाराज के प्रति आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की गई है, जिससे पूरे मद्धेशिया समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि संत गणिनाथ जी महाराज मद्धेशिया समाज के कुलगुरु हैं और उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि समाज की आस्था पर सीधा आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से देश-विदेश में बसे मद्धेशिया समाज के लोग आक्रोशित और आहत हैं। पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी समाज या उसके पूज्य व्यक्तित्व के प्रति इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करने का साहस न कर सके।
इस दौरान थाने में मौजूद प्रभारी निरीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
“बिना पद के भी बन गए समाज के हीरो- रतन कुमार गुप्ता की याद में हुआ अनोखा सम्मान”
गोरखपुर में दिनदहाड़े पूर्व पार्षद की हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान चाकुओं से गोदकर मौत



