
गोरखपुर में दिनदहाड़े पूर्व पार्षद की हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान चाकुओं से गोदकर मौत
गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की चार हमलावरों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल चौहान ने भागने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला किया। पुलिस मामले को प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है।
- 100 मीटर तक भागे राजकुमार चौहान, हमलावरों ने पीछा कर दोबारा किया हमला; प्रॉपर्टी विवाद की आशंका
गोरखपुर: शहर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में पूर्व पार्षद व प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की निर्मम हत्या कर दी गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले चौहान पर चार हमलावरों ने घेरकर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला किया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही राजकुमार चौहान वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और अचानक चाकुओं से हमला शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए चौहान करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर उन्हें दोबारा घेर लिया और सीने, सिर व हाथ पर कई वार किए। हमले के बाद बदमाश कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे और उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों और समर्थकों की भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात कर दिया।
सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वे बाइक से फरार हो गए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों को राजकुमार चौहान की दिनचर्या और आने-जाने के समय की सटीक जानकारी थी, जिससे यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है।
प्राथमिक जांच में इस हत्या को प्रॉपर्टी विवाद और पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। साथ ही, राजकुमार चौहान के सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव को देखते हुए पुलिस राजनीतिक एंगल से भी जांच कर रही है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर के बीचोबीच दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पीपीगंज में मनोनीत सभासदों की घोषणा, डॉ. राजेन्द्र मद्धेशिया समेत तीन को मिली जिम्मेदारी
“बिना पद के भी बन गए समाज के हीरो- रतन कुमार गुप्ता की याद में हुआ अनोखा सम्मान”


