बरेका में NSS छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण, लोको निर्माण की आधुनिक तकनीक से हुईं परिचित
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गवर्नमेंट गर्ल्स डिग्री कॉलेज, बीएलडब्ल्यू की NSS छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण किया। छात्राओं ने लोको टेस्ट शॉप, असेंबली शॉप, फ्रेम शॉप और ट्रक मशीन शॉप का अवलोकन कर आधुनिक विद्युत रेल इंजन निर्माण की प्रक्रिया, तकनीक और गुणवत्ता परीक्षण की जानकारी प्राप्त की। यह भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
- गवर्नमेंट गर्ल्स डिग्री कॉलेज, बीएलडब्ल्यू की छात्राओं ने कार्यशाला के विभिन्न सेक्शनों का किया अवलोकन
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार, 13 मार्च 2026 को गवर्नमेंट गर्ल्स डिग्री कॉलेज, बीएलडब्ल्यू की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की छात्राओं ने अपने अध्यापकों के साथ बरेका कार्यशाला का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को देश की अग्रणी रेल इंजन निर्माण इकाइयों में से एक बरेका में विकसित हो रही आधुनिक तकनीक, नवाचार और लोको निर्माण की जटिल प्रक्रियाओं से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना था।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने बरेका के विभिन्न उत्पादन एवं परीक्षण इकाइयों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने लोको टेस्ट शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको फ्रेम शॉप तथा ट्रक मशीन शॉप का निरीक्षण कर यह जाना कि किस प्रकार विभिन्न तकनीकी चरणों से गुजरते हुए एक आधुनिक विद्युत रेल इंजन तैयार किया जाता है। अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि लोको निर्माण की प्रक्रिया में अत्याधुनिक मशीनों, सटीक इंजीनियरिंग तकनीकों और प्रशिक्षित मानव संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यशाला के विशेषज्ञों ने छात्राओं को इंजन के विभिन्न हिस्सों- जैसे फ्रेम निर्माण, ट्रक मशीनिंग, असेंबली और अंतिम परीक्षण-की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्हें यह भी बताया गया कि लोको टेस्ट शॉप में इंजन के सभी तकनीकी मानकों की गहन जांच की जाती है, ताकि रेल परिचालन के दौरान सुरक्षा और गुणवत्ता के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित किया जा सके।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने लोको निर्माण में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनों, ऑटोमेशन तकनीकों और गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली को करीब से देखा। उन्होंने इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों से कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर देकर उन्हें रेलवे के औद्योगिक ढांचे और तकनीकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बरेका के जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से युवाओं को औद्योगिक तकनीक और उत्पादन प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे उनमें विज्ञान, तकनीक और इंजीनियरिंग के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने कहा कि बरेका केवल लोको निर्माण का केंद्र ही नहीं बल्कि तकनीकी नवाचार और कौशल विकास का भी महत्वपूर्ण संस्थान है।
गवर्नमेंट गर्ल्स डिग्री कॉलेज, बीएलडब्ल्यू की ओर से मनोविज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सौम्या शर्मा, डॉ. शुभलक्ष्मी त्रिपाठी तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कमलेश तिवारी छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से छात्राओं को पाठ्यक्रम के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त होता है, जो उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य के करियर के लिए अत्यंत उपयोगी है।
छात्राओं ने भ्रमण के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बरेका में लोको निर्माण की विशाल प्रक्रिया और अत्याधुनिक तकनीक को देखकर उन्हें भारतीय रेलवे की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता का प्रत्यक्ष अनुभव हुआ। यह भ्रमण उनके लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा बल्कि उन्हें विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला भी साबित हुआ।
प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं, रसोई गैस की कमी के अफवाहों से बचें: मुख्यमंत्री



