Varanasi

नगर के 57 वार्डो में पेयजल पाइप लाईन परिवर्तन हेतु कार्ययोजना तैयार करने के दिये निर्देश

वाराणसी में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जलकल विभाग की समीक्षा बैठक में 57 वार्डों में पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस और 311 पर प्राप्त शिकायतों का 72 घंटे में निस्तारण होगा। साथ ही सीवर चेम्बरों की जियोटैग फोटो सहित ऑनलाइन मॉनिटरिंग और सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने की योजना पर भी जोर दिया।

वाराणसी : नगर निगम वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को जलकल विभाग के सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, सीवर प्रणाली और जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह को निर्देशित किया कि नगर निगम सीमा के 57 वार्डों में पुरानी एवं जर्जर पेयजल पाइपलाइनों को बदलने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए पाइपलाइन प्रणाली का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान नगर आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें कि उनके क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बदलने के लिए कोई अन्य स्थान शेष नहीं है। इससे कार्ययोजना को व्यापक और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

बैठक में नगर आयुक्त ने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल और 311 टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पूर्व में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का 72 घंटे के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रतिदिन प्राप्त होने वाली नई शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की देरी न हो।

सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने सीवर चेम्बरों की मरम्मत कार्य की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन चेम्बरों की मरम्मत की जाएगी, उनका जियोटैग फोटो सहित पूरा विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और क्षेत्रीय नागरिकों को भी इसकी जानकारी मिल सके।

आगामी गर्मी को देखते हुए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को निर्देश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ और सुलभ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उपयुक्त स्थानों को चिन्हित किया जाए। इन स्थानों पर नए वाटर कूलर लगाने की कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि जो पुराने वाटर कूलर खराब या अनुपयोगी स्थिति में हैं, उन्हें एक माह के भीतर मरम्मत कर चालू किया जाए। साथ ही सभी वाटर कूलरों का एएमसी (Annual Maintenance Contract) कराया जाए, ताकि उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को निर्बाध पेयजल सुविधा मिलती रहे।

बैठक में महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव जलकल विश्वनाथ, अधिशासी अभियंता रामअवतार सहित सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता उपस्थित रहे।

भेलूपुर में एमआरएफ सेंटर और वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button