Varanasi

महाशिवरात्रि से पहले जलकल विभाग को सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

वाराणसी में नगर निगम ने पेयजल और सीवर से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के लिए 24 घंटे की समयसीमा तय की है। भेलूपुर स्थित जलकल विभाग में समीक्षा बैठक के दौरान महापौर ने लीकेज और सीवर बहाव की समस्याओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। महाशिवरात्रि को देखते हुए प्रमुख शिवालयों के मार्गों पर विशेष सफाई और निगरानी के आदेश जारी किए गए।

वाराणसी। नगर में पेयजल और सीवर से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर नगर निगम वाराणसी ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। अब जलकल विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर करने का निर्देश दिया गया है। इस संबंध में शनिवार को भेलूपुर स्थित जलकल विभाग कार्यालय में महापौर ने शिकायती एप की समीक्षा बैठक की और लंबित मामलों को तत्काल निस्तारित करने के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट कहा कि शहर में कहीं भी पानी या सीवर लीकेज की शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी लीकेज मामलों का समाधान हर हाल में 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

महाशिवरात्रि की तैयारियों पर खास जोर

बैठक में महापौर ने आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। शहर के सभी प्रमुख शिवालयों की ओर जाने वाले मार्गों पर सुपर सकर मशीन से सीवर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सख्त शब्दों में कहा कि सड़कों पर कहीं भी सीवर का बहाव दिखाई नहीं देना चाहिए, क्योंकि इससे श्रद्धालुओं की आस्था और शहर की छवि दोनों प्रभावित होती हैं।

अभियंताओं पर जताई नाराजगी

कार्य में शिथिलता को लेकर महापौर ने भेलूपुर जोन के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद और आदमपुर जोन के अधिशासी अभियंता अश्वनी भास्कर के प्रति गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने हाल ही में स्थानांतरित होकर आए अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे क्षेत्रीय पार्षदों के साथ बेहतर समन्वय बनाएं और प्रतिदिन कम से कम तीन से चार वार्डों का औचक निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें।

होली के बाद बदलेगा 18 पुराने वार्डों का इंफ्रास्ट्रक्चर

महापौर ने जानकारी दी कि होली के बाद शहर के पुराने 18 वार्डों में सीवर और पेयजल की नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने जलकल विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे जलनिगम और पार्षदों के साथ समन्वय कर मैप के अनुसार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में हिमांशु नागपाल, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पेयजल और सीवर व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहरवासियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

नगर निगम की सख्ती: बकाया किराये पर 70 दुकानों को अंतिम नोटिस

चौकाघाट अवैध मछली मंडी के आठ विकेताओं के खिलाफ प्राथमिकी

Related Articles

Back to top button