NationalUP Live

हर बेघर को पक्की छत मिलने तक जारी रहेगा अभियान : मनोहर लाल

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत उत्तर प्रदेश के दो लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की धनराशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्चुअल रूप से जुड़े। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह योजना केवल घर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का आधार है। आवास के साथ शौचालय, बिजली, गैस, आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं जीवन में बड़ा बदलाव ला रही हैं। सीएम ने लाभार्थियों से सीधा संवाद कर राशि के सही उपयोग और बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की।

लखनऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के दो लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि अंतरित किए जाने के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने इसे गरीब व मध्यम वर्ग के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम बताया। श्री खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने आवास, नल, शौचालय, गैस, बीमा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थापना के साथ एक नई पहचान बनाई है। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जब तक हर बेघर परिवार को पक्की छत नहीं मिल जाती, सरकार का यह अभियान जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को एक नई पहचान दी है। आयुष्मान भारत योजना के तहत हर परिवार को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों लोगों का घर का सपना साकार हुआ है। आवास योजना की बड़ी उपलब्धि यह रही कि अधिकतर मकान महिलाओं के नाम या संयुक्त स्वामित्व में दिए गए, जिससे महिलाओं को सशक्त व स्वतंत्र पहचान मिली।

पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में बदल रही प्रदेश की तस्वीर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘स्वच्छ भारत से विकसित भारत’ की यात्रा में नगरीय निकायों की भूमिका सबसे अहम है। स्वच्छता सर्वेक्षण में लखनऊ का देश में तीसरा स्थान आना, गाजियाबाद का दुनिया के शीर्ष 50 स्वच्छ शहरों में शामिल होना और कई नगरों का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना प्रदेश की बदलती तस्वीर को दर्शाता है। कूड़े के पहाड़ हटाकर राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल और शिवालिक पार्क जैसे मॉडल प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं।

इन जिलों को मिला पीएम आवास योजना का सबसे ज्यादा लाभ

गाजियाबाद के 8,937, बदायूं के 4,521, बिजनौर के 5,581, बरेली के 8,693, अलीगढ़ के 5,382, आगरा के 3,828, फर्रुखाबाद के 3,236, बुलंदशहर के 3,567, देवरिया के 4,142, अयोध्या के 4,697, गोरखपुर के 7,142, कुशीनगर के 6,231, लखीमपुर खीरी के 5,100, लखनऊ के 8,568, महाराजगंज के 4,053, मथुरा के 4,366, मऊ के 3,494, मिर्जापुर के 2,027, मुरादाबाद के 3,827, प्रतापगढ़ के 7,214, प्रयागराज के 5,023, उन्नाव के 3,140 तथा वाराणसी के 3,294 लाभार्थियों के खातों में आज पहली किस्त की धनराशि अंतरित की गई है।

सीएम योगी ने बताया, अयोध्या व सोनभद्र में लोग कैसे बन रहे आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अयोध्या व सोनभद्र का उदाहरण साझा करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं सिर्फ सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि भोजन के लिए राशन कार्ड, रोजगार के लिए मिशन रोजगार, स्ट्रीट वेंडरों के लिए पीएम स्वनिधि, परंपरागत कारीगरों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना लागू की गई है। युवाओं को अपना उद्यम शुरू करने के लिए पीएम स्टार्टअप इंडिया और पीएम स्टैंडअप इंडिया योजनाओं से जोड़ा गया है। नौकरी व स्वरोजगार के योग्य युवाओं के लिए पीएम कौशल विकास योजना के माध्यम से प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए बताया कि एक अनुसूचित जाति परिवार ने अपना घर बनाने के लिए पूंजी जुटाई। तभी उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से अपना घर मिल गया, जिसके बाद परिवार ने बची हुई पूंजी से ई-रिक्शा खरीदा। आज उनके परिवार का बेटा रोज करीब एक हजार रुपये कमा रहा है और पूरा परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुका है। वहीं सोनभद्र में आवास मिलने के बाद एक महिला लाभार्थी ने बचे हुए पैसे से डेयरी शुरू की। अतिरिक्त आय का साधन बनाया और पति के साथ मिलकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ शौचालय, बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं भी मिल रही हैं, जिससे संपूर्ण आत्मनिर्भरता का लक्ष्य पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार के संकल्प से हर जरूरतमंद के सिर पर पक्की छत और हर युवा के हाथ में रोजगार सुनिश्चित हो रहा है। उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

सीएम ने अभिभावक की तरह समझाया पैसे का उपयोग, कहा – बच्चों की शिक्षा पर भी ध्यान देना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के दो लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि अंतरित किए जाने के अवसर पर वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया। प्रदेश के मुखिया से सीधा संवाद करने पर इन लाभार्थियों ने प्रसन्नता के साथ सीएम का आभार भी जताया।

वाराणसी की माधुरी देवी ने बताया कि कच्चे मकान से पक्के घर की ओर बढ़ते कदम से उनका परिवार बेहद खुश है। मुख्यमंत्री ने उनसे पहली किस्त की राशि का सदुपयोग करने और प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र लिखने का आग्रह किया। अयोध्या की रमावती देवी ने भी वर्षों पुरानी पक्के घर की इच्छा पूरी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। अलीगढ़ की पूनम चौधरी ने कहा कि मोदी–योगी सरकार ने उनका वर्षों का सपना साकार कर दिया है। उन्होंने शहरों में हो रहे विकास कार्यों की सराहना भी की।

लखीमपुर खीरी के थारू समुदाय से हीरालाल ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी दी और समुदाय की ओर से धन्यवाद पत्र लिखने की बात कही। गोरखपुर व चित्रकूट की महिला लाभार्थियों ने भी आवास मिलने को जीवन का बड़ा बदलाव बताते हुए खुशी साझा की। मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि आवास की राशि का उपयोग केवल घर निर्माण में करें, साथ ही बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दें और योजनाओं का पूरा लाभ लें। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और आत्मीयता ने पूरे कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरक बना दिया।

सीएम ने लाभार्थियों को वितरित किए आवास स्वीकृति पत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। इनमें लखनऊ की आशा देवी, स्नेह तिवारी, मीरा व हसीबुन, उन्नाव की पिंकी राठौर, सीतापुर की माया देवी, रायबरेली की गीता पाल, हरदोई की राम बेटी तथा लखीमपुर खीरी की राम सहेली शामिल रहीं। सभी लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री की आत्मीयता के लिए उनका आभार जताया।

मंदिरों को तोड़ने का सफेद झूठ फैला रही है कांग्रेस: मुख्यमंत्री योगी

भलुअनी: वरिष्ठ पत्रकार अवध नारायण मिश्र के निधन पर शोक सभा आयोजित

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button