Entertainment

डीडी न्यूज़ पर शुरू हुआ ‘क्रिएटर्स कॉर्नर’, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया और क्रिएटर इकोनॉमी के विज़न को आगे बढ़ाते हुए प्रसार भारती ने डीडी न्यूज़ पर ‘क्रिएटर्स कॉर्नर’ नामक विशेष मंच की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी रचनात्मक सामग्री प्रस्तुत करने का विश्वसनीय राष्ट्रीय मंच देना है। समाचार, संस्कृति, शिक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य, पर्यावरण और मनोरंजन जैसे विविध विषयों पर आधारित कंटेंट को प्राइम टाइम में प्रसारित किया जाएगा। यह पहल न केवल डिजिटल रचनाकारों को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि सार्वजनिक प्रसारण को युवा दर्शकों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

  • प्रसार भारती की नई पहल से डिजिटल रचनाकारों को पहचान, प्राइम टाइम स्लॉट और व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को मान्यता देने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के विज़न को साकार करते हुए प्रसार भारती ने आज डीडी न्यूज़ पर एक समर्पित मंच “क्रिएटर्स कॉर्नर” का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य देशभर के डिजिटल रचनाकारों द्वारा तैयार की गई गुणवत्तापूर्ण सामग्री को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना और सार्वजनिक प्रसारण को नई ऊर्जा से जोड़ना है।

इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में लगभग हर क्षेत्र में व्यापक सुधार देखे हैं। अब यही सुधार प्रसार भारती में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 प्रसार भारती के लिए बड़े सुधारों का वर्ष सिद्ध होगा और इसी क्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का भी व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित सुधारों के तहत दूरदर्शन और आकाशवाणी जैसे सार्वजनिक प्रसारण संस्थानों को उद्योगों की भागीदारी, नई पीढ़ी के रचनाकारों और आधुनिक तकनीक आधारित प्रक्रियाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स कॉर्नर का शुभारंभ इस सुधार यात्रा का पहला ठोस कदम है।

उन्होंने पिछले वर्ष लॉन्च किए गए वेव्स (WAVES) प्लेटफॉर्म का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्लेटफॉर्म ने रचनाकार अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वेव्स के माध्यम से अब तक लगभग एक करोड़ युवाओं को जोड़ा गया है, नए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं और डिजिटल इकोसिस्टम में करीब 5,000 करोड़ रुपये का आर्थिक योगदान सामने आया है।

राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि दूरदर्शन के क्रिएटर्स कॉर्नर का शुभारंभ देश के तेजी से बढ़ते डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह प्रधानमंत्री के ऑरेंज इकोनॉमी के विज़न के अनुरूप है, जहां रचनात्मकता, नवाचार और डिजिटल कौशल को आर्थिक विकास का आधार माना गया है।

उन्होंने कहा कि आज देश के छोटे शहरों और दूर-दराज़ के क्षेत्रों के युवा बिना बड़े स्टूडियो और भारी संसाधनों के स्वतंत्र रूप से कंटेंट का निर्माण, संपादन और प्रसारण कर रहे हैं और इसी के माध्यम से अपनी आजीविका भी अर्जित कर रहे हैं। दूरदर्शन अब ऐसे रचनाकारों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच भी उपलब्ध कराएगा।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने कहा कि यह पहल एक जीवंत, जिम्मेदार और समावेशी रचनाकार इकोसिस्टम के निर्माण में सहायक होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रिएटर्स को केवल कलाकार के रूप में नहीं, बल्कि एक संपूर्ण कंटेंट निर्माता के रूप में पहचान दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि डीडी न्यूज़ पर शुरू हुआ क्रिएटर्स कॉर्नर चरणबद्ध तरीके से सभी दूरदर्शन चैनलों पर विस्तारित किया जाएगा, जिससे विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और विषयों से जुड़े रचनाकारों को एक साझा राष्ट्रीय मंच मिलेगा। प्राइम टाइम में मिलने वाला यह विशेष स्लॉट रचनाकारों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंच दिलाएगा और साथ ही सार्वजनिक प्रसारण को नए दृष्टिकोणों से समृद्ध करेगा।

क्रिएटर्स कॉर्नर : उद्देश्य और स्वरूप

क्रिएटर्स कॉर्नर का उद्देश्य प्रसार भारती और व्यक्तिगत डिजिटल कंटेंट रचनाकारों के बीच साझेदारी को मजबूत करना है, ताकि गुणवत्तापूर्ण सामग्री के निर्माण को प्रोत्साहन मिले और उसकी पहुंच व्यापक हो सके। यह पहल डिजिटल अर्थव्यवस्था को गति देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

इस मंच पर समाचार और समसामयिक विषयों के साथ-साथ संस्कृति, यात्रा, खानपान, कला और साहित्य, संगीत और नृत्य, स्वास्थ्य एवं कल्याण, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, प्रेरक कहानियां, पर्यावरण एवं सतत विकास तथा मनोरंजन जैसे विविध विषयों पर आधारित कंटेंट प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रसारण समय

क्रिएटर्स कॉर्नर का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार शाम 7:00 बजे डीडी न्यूज़ पर किया जाएगा। इसका पुनः प्रसारण अगले दिन सुबह 9:30 बजे होगा। प्रत्येक एपिसोड में चार से छह रील या लघु वीडियो शामिल होंगे, जो विविध विषयों को समाहित करेंगे।

रचनाकारों के लिए अवसर

यह पहल एक पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारी का उदाहरण है। जहां डिजिटल रचनाकारों को अपने कंटेंट को प्रदर्शित करने के लिए एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित मंच मिलेगा, वहीं प्रसार भारती को युवाओं से जुड़ने वाली नई, ताज़ा और विविध सामग्री उपलब्ध होगी।

इच्छुक कंटेंट क्रिएटर्स ddnews.creatorscorner@gmail.com पर अपना कंटेंट भेज सकते हैं या अधिक जानकारी के लिए +91-8130555806 पर संपर्क कर सकते हैं। क्रिएटर्स कॉर्नर के माध्यम से दूरदर्शन और डिजिटल रचनाकारों के बीच यह सेतु भारत की उभरती डिजिटल और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की उम्मीद जगाता है।

षटतिला एकादशी : मकर संक्रांति के महासंयोग में तिल, व्रत और दान का वैज्ञानिक व धार्मिक महत्व

यूपी में जीसीसी निवेश को बड़ा प्रोत्साहन: भूमि पर 50% तक सब्सिडी, क्या बदलेगा औद्योगिक नक्शा?

“इंडस्ट्री फर्स्ट, इन्वेस्टर्स फर्स्ट” के दृष्टिकोण से निवेशकों का पसंदीदा स्थल बन चुका है यूपीः मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button