गोरखपुर : फोरलेन निर्माण में लाएं तेजी, तय समयसीमा में करें पूर्ण : मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में गोरखपुर–पिपराइच फोरलेन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य में गुणवत्ता व तेजी के निर्देश दिए। 19.485 किमी लंबी यह परियोजना 942.44 करोड़ रुपये की लागत से बन रही है। सीएम ने जंगल कौड़िया–जगदीशपुर रिंग रोड और 96.50 करोड़ की लागत से बन रहे खजांची चौराहा फ्लाईओवर की प्रगति की समीक्षा करते हुए तय समय में कार्य पूर्ण करने को कहा।
- 942 करोड़ की फोरलेन परियोजना और खजांची चौराहा फ्लाईओवर को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश
गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाएं ताकि तय समयसीमा में यह मार्ग जनता को समर्पित कर दिया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने खजांची चौराहा फ्लाईओवर, जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड के निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली और जरूरी दिशानिर्देश दिए।
विकास कार्यों का जायजा लेने के क्रम में सीएम योगी बुधवार अपराह्न गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन मार्ग के विकास भारती स्कूल मोड के आगे पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क परियोजना के ले आउट, ड्राइंग मैप का अवलोकन करने के साथ कार्य प्रगति की जानकारी ली। 19.485 किमी लंबाई वाले गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन मार्ग का निर्माण 942.44 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तीन ने 11 फरवरी 2025 को कार्य प्रारंभ किया था। निर्माण 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण किया जाना लक्षित है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही कार्य में तेजी लाते हुए इसे अगस्त 2026 तक पूर्ण किया जाना भी सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने फोरलेन सड़क पर पानी की लेवलिंग जांचने के भी निर्देश दिए ताकि सड़क पर जलजमाव की कोई समस्या न रहे।
जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड का भी काम देखा सीएम ने
गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन का निर्माण कार्य देखने के दौरान मुख्यमंत्री ने जंगल-कौड़िया रिंग रोड के कार्यों का भी अवलोकन और निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में और तेजी लाते हुए इस रिंग रोड को सितंबर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस रोड पर बिशुनपुर अंडरपास की चौड़ाई को भी परख लिया जाए। चौड़ाई इतनी होनी चाहिए कि जनता को कोई दिक्कत न हो।
जल्द पूरा करें खजांची बाजार फ्लाईओवर का निर्माण
निरीक्षण की श्रृंखला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खजांची चौराहे पर 96.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फ्लाईओवर का भी जायजा लिया। फ्लाईओवर के पास रुककर उन्होंने निर्माण की अब तक की प्रगति जानी और ड्राइंग मैप को भी देखा। इस फ्लाई ओवर का निर्माण 99 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है। कार्यदायी संस्था की तरफ से बताया गया कि करीब तीन दिन का ही काम शेष है। इस पर सीएम योगी ने जल्द से जल्द फ्लाईओवर का निर्माण शत प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी भी उपस्थित रहे।
‘प्रारंभिक उत्तर भारत व इसके सिक्के’ पुस्तक का विमोचन करेंगे मुख्यमंत्री
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ‘प्रारंभिक उत्तर भारत और इसके सिक्के’ पुस्तक का विमोचन करेंगे। यह आयोजन मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर शाम 6.30 बजे होगा। इस पुस्तक के लेखक देवेन्द्र हांडा व अनुवादक मनीष वर्मा हैं। इसका संग्रह हिंदुजा फाउंडेशन ने किया है। इस पुस्तक को उत्तरी भारत के स्वदेशी प्रारंभिक ऐतिहासिक सिक्कों की सबसे बड़ी संख्या पर चर्चा और चित्रण करने का गौरव प्राप्त है। यह पुस्तक प्रारंभिक ऐतिहासिक काल के दौरान उत्तर भारत में इतिहास, संस्कृति, कला, प्रतिमा विज्ञान, धातु विज्ञान, प्रौद्योगिकी, व्यापार और व्यापारिक मार्गों, लोगों के प्रवास आदि पर मुद्राशास्त्र के प्रभाव को दर्शाती है।
नगर निगम की निश्चित आय का जरिया बनेगी सीएम ग्रिड की स्मार्ट सड़क : मुख्यमंत्री
राम मंदिर की सुरक्षा होगी और मजबूत, अयोध्या में बना अत्याधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम
गांव की चौपाल से राजधानी तक सजेगा संस्कृति उत्सव का मंच, मिलेगा सम्मान और पहचान



