उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले- 2014 के बाद पीएम मोदी ने खेलों में बहाई नई ऊर्जा की गंगा
वाराणसी में 72वीं सीनियर नेशनल वालीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल बजट बढ़ा और खिलाड़ियों को सम्मान मिला। प्रदेश में मेजर ध्यानचंद के नाम पर विश्वविद्यालय सहित सीधी नियुक्तियां दी जा रही हैं।
- जिस देश में खिलाड़ी आगे होते हैं, वह देश सर्वोच्च शिखर की तरफ अग्रसर होता हैः ब्रजेश पाठक
वाराणसी ; उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 72वीं सीनियर नेशनल वालीबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार किया है। जिस देश में खिलाड़ी आगे होते हैं, वह देश सर्वोच्च शिखर की तरफ अग्रसर होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि मैदान में खेल भावना से खेलना चाहिए, क्योंकि मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी जीतता है और मैदान के बाहर गले मिलकर नई चुनौतियों के लिए फिर तैयार हो जाता है।
2014 के बाद खेलों के विकास के लिए पीएम मोदी ने बहाई नई गंगा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद देश में खेलों के विकास के लिए पीएम मोदी ने नई गंगा बहाई। सभी खेलों का कई गुना बजट बढ़ाया गया। पहले खेल में सिर्फ औपचारिकता होती थी। उप मुख्यमंत्री ने केंद्र-प्रदेश में विकास की योजनाओं का भी जिक्र किया और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा, बोले-कांग्रेस सरकार में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भ्रष्टाचार का दाग लगा। अब पीएम मोदी खिलाड़ियों में जज्बा भरते हैं।
ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स या किसी बड़ी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और लौटकर आने वाले खिलाड़ियों से पीएम मोदी स्वयं बात करते हैं और दुनिया को संदेश देते हैं कि यह खिलाड़ी हमारे परिवार के सदस्य हैं। इनके सम्मान में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी।
प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को उच्च पदों पर दे रही सीधी तैनाती
श्री पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार में भी खेल के बजट को कई गुना बढ़ाई गई। मेरठ में मेजर ध्यान चंद के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया गया। प्रदेश सरकार द्वारा उच्च पदों पर खिलाड़ियों को सीधी तैनाती भी दी जा रही है। पूरी दुनिया में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता के विजयी खिलाड़ियों के चयन से ही देश की टीम बनेगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत माता का परचम फहराएगी।
“वाराणसी के मैदान से उठा ‘भारत पहले’ का संदेश, पीएम मोदी ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों में भरा जोश”



