State

कोहरे का कहर: यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चार की मौत, 25 से अधिक घायल

मथुरा जिले के बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हुआ। तीन कारों और सात बसों की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए। कई बसों में आग लग गई। घायलों का इलाज आगरा मेडिकल कॉलेज में जारी है।

मथुरा :। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में घने कोहरे ने मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा करा दिया। बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सुबह करीब चार बजे घटी इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन कारों और सात बसों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से गुजर रहे वाहनों को आगे खड़े वाहनों का अंदाजा नहीं हो सका और एक के बाद एक कई बसें व कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ बसों में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एक्सप्रेसवे की राहत टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में घना कोहरा और तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

हादसे के बाद जली हुई बसों और क्षतिग्रस्त वाहनों के मलबे को हटाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे की एक लेन को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। इसके चलते आगरा के खंदौली टोल प्लाजा पर वाहनों को रोक दिया गया, जिससे एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। घंटों की मशक्कत के बाद जब मलबा पूरी तरह हटा लिया गया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में अत्यधिक सावधानी बरतें, गति सीमित रखें और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।(वार्ता)

“जहां हर चोट के बाद तय होती है वापसी-खिलाड़ियों के विश्वास और चिकित्सा के संकल्प की कहानी”

2026 क्या आपकी किस्मत बदल देगा? अंक ज्योतिष ने खोल दिए नए साल के बड़े रहस्य

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button