UP Live

दिल्ली धमाके में भलुअनी का युवा व्यापारी शिवा जायसवाल घायल, नगर में चिंता का माहौल

दिल्ली के लालकिला क्षेत्र में 10 नवंबर की शाम हुए भीषण बम धमाके में देवरिया जिले के भलुअनी निवासी युवा व्यापारी शिवा जायसवाल घायल हो गए। रेडिमेड कपड़ों की खरीदारी के लिए दिल्ली गए शिवा बाजार में मौजूद थे, तभी यह विस्फोट हुआ। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहुंचकर हालचाल लिया। सूचना मिलते ही परिवार में बेचैनी और नगर में चिंता का माहौल है। स्थानीय व्यापारी और जनप्रतिनिधि उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

लालकिला के पास हुए विस्फोट में देवरिया जिले के व्यापारी घायल, गृहमंत्री अमित शाह ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल।

भलुअनी (देवरिया)। दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिला के पास 10 नवम्बर की शाम हुए भीषण बम धमाके ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना की आँच अब देवरिया जिले तक पहुँच चुकी है। नगर पंचायत भलुअनी के युवा व्यापारी शिवा जायसवाल इस विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जैसे ही यह समाचार नगर में पहुँचा, पूरे इलाके में आश्चर्य और चिंता का माहौल फैल गया।

भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष माया जायसवाल के इकलौते पुत्र शिवा जायसवाल रेडिमेड कपड़ों की खरीददारी हेतु दिल्ली गए थे। परिवार के अनुसार, वे 9 नवम्बर की शाम बस द्वारा दिल्ली रवाना हुए थे। 10 नवम्बर की सुबह उन्होंने दिल्ली में निवासरत अपनी बड़ी बहन पूर्णिमा जायसवाल के घर पहुँचकर विश्राम किया। उसी दिन शाम को जब वे कपड़ों की खरीददारी के लिए बाजार गए, तभी शाम 6:30 बजे लालकिला के पास हुए धमाके में वे घायल हो गए।

रात्रि लगभग 11 बजे उनकी बहन पूर्णिमा ने परिवार को फोन कर घटना की सूचना दी। यह सुनते ही घर में कोहराम मच गया। माँ माया जायसवाल, जो इन दिनों गंभीर बीमारी के इलाज हेतु अहमदाबाद में थीं, तत्काल दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। घर पर उनकी पत्नी पिंकी जायसवाल तथा छोटे-छोटे बच्चे सूर्यांश (3 वर्ष) और लाडो (1 वर्ष) का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन रंजना जायसवाल भी सदमे में हैं।

सूत्रों के अनुसार, शिवा जायसवाल का इलाज दिल्ली के नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जहाँ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह स्वयं पहुँचकर घायलों का हालचाल ले चुके हैं। डॉक्टरों ने बताया कि शिवा की हालत अब स्थिर है, हालांकि उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा।

भलुअनी में घटना की खबर फैलते ही स्थानीय व्यापार मंडल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रणव दूबे, विनोद सिंह गुड्डू, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष सन्तोष मद्धेशिया वैश्य, भरत वर्मा, मनोज मद्धेशिया, दिनेश गुप्ता, शौर्य सिंह, श्रवण चौरसिया, सोनू वर्मा, रामप्रवेश मद्धेशिया, किशन जायसवाल, जे.पी. मद्धेशिया, किशन विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उनके घर पहुँचे और परिवार को ढांढस बंधाया।

उपजिलाधिकारी बरहज विपिन द्विवेदी ने भी परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। शिवा जायसवाल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की जा रही है।

नई वंदे भारत एक्सप्रेस से काशी के पर्यटन को मिला बूस्टर डोज़, बढ़ेगी स्थानीय अर्थव्यवस्था

अयोध्या में इतिहास रचने को तैयार रामनगरी: 25 नवंबर को प्रधानमंत्री फहराएंगे भगवा ध्वज

Related Articles

Back to top button