दुद्धी,सोनभद्र- क्षेत्र के बीड़र गांव निवासी नाबालिग साक्षी अपने 18 वर्षीय पति व रिश्ते की दादी मां के साथ गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो के दरबार पहुंची और बेघर होने से बचाने के लिए गुहार लगाई। उसने विधायक के सामने अपनी पीड़ा बयां की तो वहां मौजूद तमाम लोग दंग रह गये| बहरहाल बालिका बधू की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके विधायक ने मौके से कई प्रशासनिक अधिकारीयों को फोन घुमाते हुए पीड़ित पक्ष की मदद करने की बात कही|
बालिका बधू ने विधायक को बताया कि उसके पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है| मां पड़ोसी लड़के के परिवार को सरकारी योजना से मिले आवास का लालच देकर बीते दिनों उसकी महज चौदह साल की आयु में एक मंदिर में विवाह करा दिया| इसके बाद मेरी मां ने सरकारी योजना से निर्मित आवास को कुछ दिनों पूर्व क्षेत्र के एक दबंग को बेचकर,छोटे भाई को लेकर कहीं चली गयी। बीते मंगलवार को दबंग द्वारा उसके ऊपर दबाव बनाकर घर कब्जा करने की कोशिश की गई| बुधवार को उसके यहां पहुंचे कुछ पुलिस कर्मियों ने श्वसुर व पति को पकड़ कर कोतवाली ले गये| वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार करने के बाद जबरिया सुलहनामा पर दस्तखत करा लिया| गुरुवार को आवास पर पहुंचे दबंग व्यक्ति ने घर में रखे सामान को फेंक कर आवास पर कब्जा कर लिया और उसके आगे बने कच्ची आवास को तुड़वाने लगा। पीड़िता की सारा वाकया सुनने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी से सेल फोन पर बात की और पीड़िता की विधिसम्मत मदद की बात कही।इसके साथ ही विधायक ने न्यायोचित कार्रवाई के लिए पीड़िता को एसडीएम दुद्धी के यहां भेजा।



