
गोरक्षपीठाधीश्वर ने किया महायोगी गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन
गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में विजयदशमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ जी की विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने गोशाला में गोमाता का पूजन कर गुड़, पूड़ी और लड्डू खिलाकर गोसेवा की। विजयदशमी के इस पारंपरिक अनुष्ठान ने गोरक्षपीठ की सनातन परंपरा, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दर्शन कराया।
- श्रीनाथ जी सहित मंदिर परिसर के सभी देव विग्रहों की सीएम योगी ने की पूजा
- जगतजननी और गुरु गोरखनाथ से लोक कल्याण की प्रार्थना की मुख्यमंत्री ने
गोरखपुर । गोरखनाथ मंदिर में विजयदशमी पर्व पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ जी का विशिष्ट पूजन-अनुष्ठान किया। गोरक्षपीठाधीश्वर के विशेष परिधान में सीएम योगी ने पीठ की परंपरा का अनुसरण करते हुए गुरुवार प्रातःकाल विधि विधानपूर्वक श्रीनाथ जी की पूजा-आराधना कर लोकमंगल की प्रार्थना की।
विजयदशमी के विशिष्ट पूजन की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर में शक्तिपीठ से हुई जहां शारदीय नवरात्र प्रतिपदा से जगतजननी आदिशक्ति की आराधना के अनुष्ठान चल रहे थे। शक्तिपीठ में वेदी पूजनोपरांत तथा लोक कल्याण की प्रार्थना करने के बाद सीएम योगी मंदिर के अन्य साधु-संतों के साथ, संस्कृत विद्यापीठ के आचार्यगण व वेदपाठी छात्रों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीनाथ जी के मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे। यहां विधि विधानपूर्वक महायोगी गोरखनाथ की पूजा की, आरती उतारी।
इसके साथ ही उन्होंने मंदिर में प्रतिष्ठित सभी देव विग्रहों का विशिष्ट पूजन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करबद्ध होकर श्रीनाथ जी और सभी देव विग्रहों की परिक्रमा भी की। गोरक्षपीठाधीश्वर ने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ सहित अन्य संतों की समाधि स्थल पर भी शीश नवाया और पूजन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान नाथपंथ के परंपरागत विशेष वाद्य यंत्र नागफनी, शंख, ढोल, घंट, डमरू की गूंज से पूरा मंदिर परिसर भक्ति तरंगों से झंकृत हो रहा था। विजयदशमी के विशिष्ट पूजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के सुखमय, शांतिमय और समृद्धिमय जीवन की कामना की।
विजयदशमी पर गोपूजन कर सीएम योगी ने की गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर में विजयदशमी के विशिष्ट पूजन के क्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मंदिर की गोशाला में गोपूजन किया। गोमाता के माथे पर तिलक लगाकर उनका आशीर्वाद लिया। पूजनोपरांत मुख्यमंत्री ने गोमाता को प्रेम और श्रद्धाभाव से गुड़, पूड़ी और चावल का लड्डू खिलाकर उनकी सेवा की।
गोसेवा के प्रति सीएम योगी बेहद संवेदनशील रहते हैं। उनका गोमाता और गोवंश से आत्मीय लगाव है। विजयदशमी पर गोपूजन करने के दौरान हमेशा की तरह उनकी आत्मीयता का भाव दिखाई दे रहा था। पूजन के साथ वह गोवंश को दुलारते भी रहे। विजयदशमी अनुष्ठान के दौरान गोरक्षपीठाधीश्वर ने भीम सरोवर का पूजन कर इसमें रहने वाली मछलियों को भी लाई खिलाया।
बदले नामों से मौजूद हैं रामायण व महाभारत के खल पात्र : सीएम योगी
आस्था-उल्लास के लहरों पर सवार हो निकली गोरक्षपीठाधीश्वर की विजय शोभायात्रा
