मद्धेशिया समाज के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामस्वरूप गुप्त का निधन, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
भलुअनी, देवरिया। मद्धेशिया समाज के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, ज्ञानप्रकाश इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य एवं स्वच्छ भलुअनी स्वस्थ भलुअनी (यूथ ब्रिगेड) के संरक्षक रामस्वरूप गुप्त का रविवार को इलाज के दौरान लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। उनके पोते अभिषेक गुप्ता द्वारा सोशल मीडिया पर यह दुखद सूचना साझा करते ही पूरे क्षेत्र सहित देशभर में शोक की लहर दौड़ गई।
सोमवार को बरहज गौरा घाट पर विधिविधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने यह सिद्ध कर दिया कि समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हर वर्ग के लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

पूर्व प्रधानाचार्य रामस्वरूप गुप्त का पूरा जीवन समाज और शिक्षा के लिए समर्पित रहा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवाभाव से जुड़े रहते हुए उन्होंने देशभर के अनेक आयोजनों में मार्गदर्शन एवं संचालन का दायित्व निभाया। व्यापार मण्डल के संरक्षक के रूप में भी उन्होंने व्यापारियों के सहयोग और संगठन को मजबूत करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाजहित में किए गए उनके योगदान के कारण उन्हें कई प्रतिष्ठित विभूतियों द्वारा सम्मानित भी किया गया था।
उनके अंतिम संस्कार में दलीय सीमाएं टूटती नजर आईं। भाजपा, सपा, बसपा समेत हर राजनीतिक दल, समाज के विभिन्न वर्ग, शिक्षक संघ, व्यापारी संगठन और सामाजिक संस्थाओं के लोग एकजुट होकर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन रूद्रपुर सुबाषचंद मद्धेशिया, अविनाश सिंह, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष गेनालाल यादव, मुरली मनोहर जायसवाल, दिनेश गुप्ता, डॉ. योगेश गुप्ता, विनोद मद्धेशिया, मनोज कुमार मद्धेशिया, दुर्गेश कांदू, संतोष मद्धेशिया, अष्टभुजा श्रीवास्तव, जितेंद्र सागर, देवेश कुमार (चेयरमैन भलुअनी), दिनबंधु मद्धेशिया, हरेराम गुप्ता सहित समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
रामस्वरूप गुप्त की सरलता, सेवाभाव और शिक्षा व समाज के लिए किए गए कार्यों को भलुअनी ही नहीं, बल्कि पूरे समाज में श्रद्धा और भावनाओं के साथ याद किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नाम पर स्कॉलरशिप का किया ऐलान



