National

मोदी ने राजनाथ और सेना प्रमुखों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की

सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में 48 पर्यटन स्थल बंद.

नयी दिल्ली : पहलगाम आतंकवादी हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों और हमले की साजिश रचने वालों के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए सरकार में उच्च स्तर पर बैठकों का दौर निरंतर जारी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को रक्षा मंत्री , राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार , प्रमुख रक्षा अध्यक्ष और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में गहन चर्चा की।सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री निवास पर शाम को हुई बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल , प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी , वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने हिस्सा लिया। यह प्रधानमंत्री की रक्षा मंत्री के साथ तीसरी बैठक है।

बैठक में प्रधानमंत्री को मौजूदा सुरक्षा स्थिति और सेनाओं की तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।बुधवार को होने वाली केन्द्रीय मंत्रिमंडल की सुरक्षा मामलों की बैठक से पहले हो रही इस उच्च स्तरीय बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इसके अलावा केन्द्रीय गृह सचिव ने भी सीमा सुरक्षा बल, असम राइफल्स और अन्य सुरक्षा एजेन्सियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में स्थिति पर चर्चा की।पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ अनेक राजनयिक तथा अन्य कड़े निर्णय लेने के बाद भारत अब आतंकवादियों को उनके कुकृत्य के लिए सबके सिखाने की रणनीति बनाने में जुटा है।

सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में 48 पर्यटन स्थल बंद

जम्मू-कश्मीर में प्राधिकारियों ने सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए घाटी के कम से कम 48 रिजार्ट और पर्यटन स्थलों को “बंद” कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि यह निर्णय पिछले सप्ताह पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सभी जिलों में किए गए व्यापक सुरक्षा ऑडिट के बाद लिया गया है। हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय निवासी मारे गए थे।सुरक्षा ऑडिट का उद्देश्य सुरक्षा चूक का आकलन करना और सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत करना था।

पर्यटकों के लिए अब प्रतिबंधित प्रमुख स्थलों में बांदीपोरा जिले में गुरेज घाटी, बडगाम में यूसमर्ग और दूधपथरी, दक्षिण कश्मीर में अहरबल, कोंसरनाग और वेरीनाग, बारामुल्ला में कमान पोस्ट और कुपवाड़ा में सुरम्य बंगस घाटी शामिल हैं।एक अधिकारी ने कहा, “यह बंद अस्थायी है और आने वाले दिनों में बदलती सुरक्षा स्थिति के आधार पर इसकी समीक्षा की जाएगी।”अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि जो पर्यटक स्थल खुले हैं, वहां पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

केन्द्रशासित प्रदेश वन विभाग ने भी पर्यटकों के लिए अपने सभी ट्रैकिंग रूट बंद कर दिए हैं।पिछले चार वर्षों में स्थानीय और गैर-स्थानीय दोनों तरह के पर्यटक कश्मीर के मैदानों और अल्पाइन ट्रेल्स पर खास तौर पर गर्मियों के ट्रैकिंग सीजन के दौरान आते रहे हैं। हालांकि हाल के वर्षों में घाटी में पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन पहलगाम हमले से पर्यटन उद्योग को गहरा झटका लगा है। पिछले छह दिनों में कई पर्यटक कश्मीर छोड़ चुके हैं जबकि कई अन्य ने कश्मीर की अपनी आगामी यात्रा की योजना रद्द कर दी है।

भारत का लड़ाकू विमान गिराने का पाकिस्तानी सेना का दावा झूठा और निराधार: सरकार

भारत ने पाकिस्तान समर्थित अनेक सोशल मीडिया खातों में भारतीय वायु सेना के एक लड़ाकू विमान को गिराये जाने के दावे को झूठ बताते हुए कहा है कि यह भ्रामक तथा निराधार दुष्प्रचार है और भारत का कोई विमान नहीं गिराया गया है।सूचना और प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि पाकिस्तान का समर्थन करने वाले अनेक सोशल मीडिया खाते झूठा दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तान ने जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारत के राफेल लड़ाकू विमान को गिरा दिया है।पत्र सूचना कार्यालय ने कहा है कि पाकिस्तान ने भारत के किसी लड़ाकू विमान को नहीं गिराया है।

पाकिस्तान समर्थित सोशल मीडिया खातों में जो वीडियो साझा किया जा रहा है वह जून 2024 में महाराष्ट्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए सुखोई-30 लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का है।पत्र सूचना कार्यालय ने लोगों को इस तरह के बिना प्रमाणित दावों से संबंधित पोस्ट को साझा करने में एहतियात बरतने की सलाह दी है।उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दोनों देशों के बीच उपजे तनावपूर्ण माहौल में पाकिस्तान और उसके समर्थित सोशल मीडिया खातों पर लोगों को गुमराह करने के लिए हर रोज इस तरह के झूठे दावे किये जा रहे हैं। भारत ने इस तरह के दुष्प्रचार में लगे पाकिस्तान के 16 यू ट्यूब चैनलों पर सोमवार को प्रतिबंध भी लगाया था।(वार्ता)

9.89 करोड़ रुपये की लागत से बने गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का सीएम योगी ने किया लोकार्पण

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button