
अमृतसर : शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल बुधवार सुबह बाल-बाल बच गये, जब एक पूर्व उग्रवादी ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर द्वार पर उन्हें गोली मारने का प्रयास किया।पंजाब के पूर्व उप-मुख्यमंत्री श्री बादल दो दिन पूर्व अकाल तख्त द्वारा सुनायी गयी धार्मिक सज़ा भुगतते हुये सेवादार के रूप में स्वर्ण मंदिर द्वार पर तैनात थे। अचानक आरोपी ने उन्हें गोली मारने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी की शिनाख्त पूर्व उग्रवादी नारायण सिंह चौरा के रूप में की गयी है। पुलिस के अनुसार घटना की गहन जांच की जा रही है।
वारदात की खबर फैलते ही जत्थेदारों, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति, विपक्षी दलों भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल नेताओं की प्रतिक्रियायें सामने आईं, जिन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुये कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाये। इनमें जत्थेदार रघबीर सिंह, हरप्रीत सिंह, एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिन्दर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग आदि शामिल थे।दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बड़ी वारदात रोकने के लिये पुलिस की तारीफ की और श्री बादल पर हमले की निंदा करते हुये पुलिस को निर्देश दिये कि मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत की जाये। (वार्ता)



