PoliticsState

राममंदिर बनने से कांग्रेस में शोक की लहर : योगी आदित्यनाथ

योगी ने की कंगना की तारीफ, कहा- इनमें मीरा की भक्ति और लक्ष्मीबाई जैसा शौर्य है.यूपी में दंगाइयों और माफिया को हिमाचल की ठंड लग गई है : अनुराग ठाकुर

कुल्लू ,हिमाचल । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कांग्रेस मुस्लिम लीग का नया संस्करण है। उन्होंने कहा कि देश में विरासत टैक्स और पर्सनल लॉ लागू करके कांग्रेस देश में तालिबानी शासन लागू करना चाहती है। योगी आदित्यनाथ गुरुवार को डालपुर में मंडी लोकसभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी कंगना रनौत के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटी कंगना रनौत में मीरा बाई की भक्ति, महारानी पद्मिनी का तेज और विरोधियों से जूझने के लिए महारानी लक्ष्मी बाई की तरह शौर्य और वीरांगना का भाव है। कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की सरकार को इन्होंने मुम्बई में सड़कों पर लाकर पानी पिलाने को मजबूर कर दिया था।

मेरा जन्म भी पहाड़ों में ही हुआ है
योगी आदित्यनाथ ने बिजली महादेव और हिंडम्बा माता की धरा को नमन करते हुए कहा कि यहां का मौसब बहुत सुहावना है। मैदान में हम लोग झुलस रहे हैं। दिल्ली का तापमान 52 डिग्री और गोरखपुर में 48 डिग्री तापमान था। जब यहां आया तो बहुत राहत महसूस हुई, अहसास हुआ कि हिमाचल को देवभूमि क्यों कहा जाता है। मेरा जन्म भी पहाड़ों में ही हुआ है। ये प्रकृति और परमात्मा का संयोग है कि मुझे यूपी में सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। जब मुझे हिमाचल में प्रचार के लिए कहा गया तो मैंने कहा था कि कंगना जी के लिए जरूर जाउंगा।

500 साल का इंतजार समाप्त हुआ है
उन्होंने कहा कि आज पूरे हिन्दुस्तान में एक ही नारा गूंज रहा है, वह है फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। पूरा देश कह रहा है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। पूरा चुनाव रामभक्तों और रामद्रोहियों के बीच आकर सिमट गया है। रामद्रोही वही हैं जो आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन करते हैं, जो भारत की अस्मिता और अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न खड़ा करते हैं, जिन्होंने विकास को बाधित किया और गरीबों के हक पर डकैती डाली। योगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में बीजेपी ने पहली बार संकल्प लिया था कि रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे। अब 500 साल का इंतजार समाप्त हुआ है। पहली बार अयोध्या में रामलला ने अपने भव्य मंदिर में होली भी खेली और जन्मोत्सव भी मनाया। उन्होंने कहा कि काशी में भी भव्य काशी विश्वनाथ धाम बन चुका है और अब हम मथुरा जाने की तैयारी कर रहे हैं। हम भारत की अस्मिता के लिए जो भी आवश्यक होगा उसके लिए कोई भी कदम उठाने में नहीं हिचकेंगे।

पहले लगातार आतंकी घटनाएं घटित होती थीं
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। पहले लगातार आतंकी घटनाएं घटित होती थीं। कांग्रेस ये कहकर घुटने टेक देती थी कि आतंकवाद तो सीमापार से है। अब तो तेज आवाज में पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। नये भारत में बड़े बड़े विकास के कार्य हम देख रहे हैं। आज हिमाचल प्रदेश में भी अपना एम्स है। एक तरफ भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहा है तो वहीं पाकिस्तान की कुल 23 करोड़ की आबादी भूखों मर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग यहां पर पाकिस्तान का राग अलापते हैं उन्हें पाकिस्तान जाकर भीख मांगना चाहिए।

इंडी गठबंधन को भनुमति का पिटारा
योगी ने इंडी गठबंधन को भनुमति का पिटारा बताया। कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र है। जो काम मुस्लिम लीग ने 1940 के दशक में किया था आज कांग्रेस वही काम करने जा रही है। इनका घोषणापत्र कहता है कि पर्सनल लॉ लागू करेंगे। इसका मतलब तालिबानी शासन होगा, जिसमें बेटियां स्कूल नहीं जा पाएंगी, महिलाओं को बुर्का पहनकर घर में दुबककर रहना होगा। योगी ने कहा कि भारत बाबा साहब के संविधान से चलेगा, किसी शरिया कानून से नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे एक झटके से गरीबी दूर करने की बात करते हैं। कहते हैं कि संपत्ति का सर्वे कराकर पैतृक संपत्तियों पर विरासत टेक्स लगाएंगे और उसमें से आधी संपत्ति पर घुसपैठियों को बसाएंगे। इनका ये विरासत टेक्स औरंगजेब का जजिया कर है। इनके अंदर औरंगजेब की आत्म घुस गई है।

नो कर्फ्यू नो दंगा, यूपी में सब चंगा
योगी ने कहा कि हमें औरंगजेब जैसे दुष्टों को जीवित नहीं होने देना है। यूपी में हम ऐसे तत्वों से बहुत सख्ती से निपटते हैं। यूपी में औरंगजेब को आदर्श मानने वाले बड़े बड़े माफिया को ठीक करने काम किया गया है। हमारा संकल्प था राममंदिर बनाएंगे वो पूरा हो चुका है। यूपी को माफिया मुक्त करने भी संकल्प लिया था, आज कोई माफिया नहीं बचा है। आज यूपी में कोई कर्फ्यू और कोई दंगा नहीं होता, बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। जिन्हें औरंगजेब प्यारे हैं उन्हें कब्र में दफना दिया गया है। आज यूपी में सब चंगा है।

हिमाचल प्रदेश की चारों सीट जीतना है
योगी ने कहा कि कंगना रनौत के पास प्रतिभा है, कला है और कार्य करने की क्षमता है। विकास कार्य करने का जज्बा और सामर्थ्य है। पहाड़ से निकलकर अपने दम पर, अपने संघर्षों से फिल्म जगत में इन्होंने अपना मुकाम बनाया। इन्होंने जयललिता का शानदार रोल निभाया था। अब कुल्लू वासियों की जिम्मेदारी बनती है कि इन्हें अपना सांसद बनाकर संसद में भेजें। 400 पार के नारे में मंडी समेत हिमाचल प्रदेश की चारों सीट आनी चाहिए। चुनाव बाद आप सभी अयोध्या दर्शन के लिए आएं, वहां सारी व्यवस्था की जिम्मेदारी हमारी होगी

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, गोविंद ठाकुर, सुरेन्द्र शौरी, राजा महेश्वर सिंह, नरोत्तम ठाकुर, अरविंद चंदेल, धनेश्वरी ठाकुर, स्वामी रामशरण जी महाराज सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

  • मोदी जी के नौ रत्नों में शामिल हैं अनुराग ठाकुर, इन्हें रिकॉर्डतोड़ मतों से जिताना है : योगी

हमीरपुर । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि इनके अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। इनका घोषणापत्र मुस्लिम लीग का दस्तावेज है। ये देश में शरिया कानून थोपना चाहते हैं और तालिबानी व्यवस्था लागू करना चाहते हैं। अगर ऐसा हुआ तो बेटियां स्कूल नहीं जा पाएंगी और महिलाओं को बुर्का पहनकर घरों में कैद रहना पड़ेगा। ये देश पर विरासत टैक्स के नामपर जजिया कर लगाना चाहते हैं। योगी ने कहा कि औरंगजेब के रास्ते पर चलने वालों को मेरा बुलडोजर हमेशा के लिए दफन कर देगा। उन्होंने कहा कि ये देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा न कि शरिया कानून से। उन्होंने कहा कि जबसे राममंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा हुई है कांग्रेस में शोक की लहर है। योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बिझड़ी में हमीरपुर लोकसभा सीट के लिए पार्टी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर और बड़सर विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

400 पार में हिमाचल प्रदेश की सभी चारों सीटें भी शामिल
योगी आदित्यनाथ ने माता चिंतपूर्णी और माता नैना देवी की पुण्यभूमि को कोटि कोटि नमन करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देवों और वीरों की भूमि है। यहां प्रकृति और परमात्मा की कृपा है। यह सबको आरोग्यता प्रदान करती है और देवत्व का अहसास कराती है। योगी ने कहा कि पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है कि फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार। इस 400 पार सीट में हिमाचल प्रदेश की सभी चारों सीट भी शामिल है। जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। योगी ने कहा कि अयोध्या और काशी का कार्य संपन्न हो चुका है, अब हम मथुरा की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

कांग्रेस ने अयोध्या का आमंत्रण ठुकरा दिया था
योगी ने कहा कि आज 500 साल का इंतजार समाप्त हुआ है। अयोध्या में रामलला विराजमान हुए हैं। जब पूरी दुनिया प्रफुल्लित थी, हर सनातनधर्मी अभिभूत था तब कांग्रेस में शोक की लहर थी। कांग्रेस ने अयोध्या का आमंत्रण ठुकरा दिया था। आज भी उनके बुद्धिदाता कहते हैं कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण नहीं होना चाहिए था, इनके सहयोगी राममंदिर को बेकार बताते हैं। योगी ने कहा कि आज हम मोदी जी के नेतृत्व में नये भारत को देख रहे हैं। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हो गया है। अब तेज आवाज में पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। विकास को समर्पित बड़े बड़े कार्य हुए हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट हुआ है। हिमाचल में भी एम्स और ट्रिपल आईटी की स्थापना हो चुकी है। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को विकास में बैरियर बताते हुए कहा कि ये लोग सैंड माफिया, लैंड माफिया, वन माफिया, पशु माफिया के सरपरस्त हैं। ये देश हित और श्रीराम का विरोध करते हैं। कांग्रेस ने हिमाचल के संसाधनों का दोहन किया है।

इंडी गठबंधन केवल एक मुखौटा
उन्होंने इंडी गठंबंधन को भानुमति का पिटारा बताते हुए कहा कि इसमें जितने दल हैं उतने ही खेमे भी हैं। इनका गठबंधन केवल एक मुखौटा है। ये स्वयं एक नहीं हो सकते तो देश को क्या एक कर पाएंगे। कांग्रेस कहती है कि सत्ता में आएंगे तो पिछड़ी जाति का अधिकार मुस्लिमों को देंगे। यूपीए की सरकार ने जस्टिस रंगनाथ मिश्रा और सच्चर कमेटी इसीलिए बनाया कि ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे सकें। तब हमने इसका विरोध किया था। राहुल गांधी एक झटके में गरीबी हटाने की बात कह रहे हैं। इनकी दादी ने 1970 में गरीबी हटाओ का नारा दिया था, अब 54 साल बाद नाती भी वही नारा दे रहा है। वो कह रहे हैं कि सभी भारतीयों की संपत्ति का एक्सरे कराएंगे और फिर पैतृक संपत्ति पर विरासत टैक्स लगाएंगे। इसमें आधी प्रॉपर्टी को लेकर पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेशी घुसपैठियों को दे देंगे। कांग्रेस का विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है।

हिमाचल में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाना है
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि औरंगजेब को जिंदा नहीं होने देंगे, अगर कोई औरंगजेब के रास्ते पर चलेगा तो बुलडोजर से उसे दफन करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि अल्पसंख्यकों को खानपान की स्वतंत्रता देंगे। यानी कांग्रेस गोहत्या करने की छूट देना चाहती है। अयोध्या में राममंदिर बनाने का जो सौभाग्य और पुण्य आपसे जुड़ा है, कांग्रेस को वोट देकर उसपर गोहत्या का पाप कतई नहीं चढ़ाएं। योगी ने अनुराग ठाकुर का समर्थन करते हुए कहा यह मोदी जी के 9 रत्नों में शामिल हैं और इनके नेतृत्व में देश हर बड़े खेल आयोजन में सर्वाधिक मेडल प्राप्त कर रहा है। कहा कि हिमाचल का ये बेटा केवल हिमाचल नहीं भारत के लिए काम कर रहा है। 2036 में ये भारत में ओलम्पिक कराने की तैयारी कर रहा है। युवा जब खेलेगा तो नशे से दूर रहेगा, नशे से दूर रहेगा तो परिवार, राज्य और देश का नाम रोशन करेगा। वहीं बरसर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल को जिताने की अपील करते हुए कहा कि हिमाचल में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाना है।

इस अवसर पर विधानसभा उपचुनाव में बरसर सीट से प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्वमंत्री विक्रम सिंह ठाकुर, त्रिलोक जामवाल, आशीष शर्मा, देशराज शर्मा, बलदेव शर्मा, विजय अग्निहोत्री, अनिल धीमान, उर्मिल ठाकुर, कमलेश कुमारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

यूपी में दंगाइयों और माफिया को हिमाचल की ठंड लग गई है : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से लोकसभा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने बिझड़ी में आयोजित जनसभा के दौरान कहा कि योगी जी ने देशभर में दौरा करके पीएम मोदी के 400 पार के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल के ठंड की चर्चा यूपी में खूब हो रही है। योगी जी के नेतृत्व में वहां दंगाइयों और माफिया को यहां की ठंड लग गई है। बाबा का बुलडोजर यूपी के दंगाइयों और माफिया पर जमकर चल रहा है। योगी जी ने यूपी में विकास की गंगा बहाई है और गरीबों को झुग्गियों से निकालकर पक्का मकान दिया है। आज यूपी में दुनियाभर के उद्योगपति निवेश कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने एक दमदार नेता के तौर पर अपने प्रदेश का कायाकल्प कर दिया है। पहले जहां महिलाएं शाम होने पर घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं, आज रात एक बजे भी महिलाएं अकेले बाहर जा सकती हैं, क्योंकि सबको पता है यहां पर बुलडोजर वाले बाबा हैं। आज अयोध्या में रामलला विराजमान हो गये हैं और वहां दीपोत्सव को देखने के लिए पूरी दुनिया के राम भक्त व्याकुल होते हैं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button