Crime

सड़क हादसे में चौदह की मौत, बीस घायल

मोदी ने डिंडोरी हादसे पर प्रकट की संवेदनाएं

डिंडोरी : मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में बड़झर गांव के पास एक पिकअप वाहन पलटने के कारण 14 लोगों की मृत्यु हो गयी और लगभग 20 व्यक्ति घायल हो गए।पुलिस सूत्रों के अनुसार कल देर रात शाहपुरा थाना क्षेत्र में बड़झर गांव में एक घाटी पर पिकअप वाहन पलट गया। इस वजह से अधिकांश लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को शाहपुरा और डिंडोरी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।सूत्रों ने कहा कि आसपास के एक गांव के निवासी एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिकअप वाहन से लौट रहे थे, तभी घाट सेक्शन पर वाहन अनियंत्रित होकर देर रात पलट गया। हादसा काफी भीषण था और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें लगभग 34 व्यक्ति सवार थे।

मोदी ने डिंडोरी हादसे पर प्रकट की संवेदनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के डिंडोरी जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में हताहत लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आज कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है।श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘मध्यप्रदेश के डिंडोरी में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है।’

डॉ मोहन यादव ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने डिंडोरी जिले में सड़क हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्रियों की मृत्यु की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।डॉ यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए कहा कि वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर वे गहन शोक व्यक्त करते हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों काे यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में मृत यात्रियों के आश्रितों को चार चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके को डिंडोरी भेजा गया है।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button