बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की थाना सलेमपुर पुलिस ने रविवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की फर्जी आंसर शीट को सही बता कर बेचने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जिसमें एक अभियुक्त15 वीं वाहिनी पीएसी आगरा में तैनात रह चुका सिपाही निकला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि रविवार को थाना सलेमपुर के अंतर्गत सर्वोदय इंटर कॉलेज के पास दो शातिर अभियुक्त कृष्ण कुमार एवं दिलावर सिंह द्वारा विभिन्न सरकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की फर्जी आंसर शीट को सही बताकर बेचा जा रहा था। इसके लिए अभियुक्त द्वारा इंस्टाग्राम की मदद भी ली जा रही थी। दोनों अभियुक्तों के कब्जे से फर्जी आंसर शीट ,मोबाइल, क्रेडिट कार्ड व डेबिट कार्ड सहित 68380 रुपये की नगदी भी बरामद हुई है। (वार्ता)



