मऊ : उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की पुलिस ने दो दिन बाद होने वाली पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को पेपर हल करने के नाम पर ठगने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए ब्लैंक चेक, ओरिजिनल मार्कशीट के अलावा तमाम विद्यालय व सरकारी अधिकारियों के मुहर बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि रविवार और साेमवार को प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा होनी है जिसमें मऊ जिले में 89000 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सुचिता व ईमानदारी के साथ संपन्न कराने के लिए गोपनीय स्वाट टीम के साथ ही जनपद के सभी थानों की पुलिस थाना व मशीनरी काम कर रही थी। शुक्रवार को स्वाट टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी जब अभ्यर्थियों को बरगलाकर उनसे पैसे की ठगी करने वाला एक गिरोह पकड़ में आया।(वार्ता)



