
बरेली : भोजपुरा बरेली विधानसभा से विधायक शहजिल इस्लाम एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। उनके ड्राइवर ने विधायक पर उसके साथ मारपीट कर जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है। बरेली रेलवे जंक्शन जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।जीआरपी सीओ ने सोमवार दोपहर बयान दर्ज किये।
राजेंद्र नगर निवासी ड्राइवर धर्मेन्द्र कुमार पुत्र रामप्रकाश का आरोप है कि वह 27 अक्टूबर को जंक्शन पर विधायक शहजिल इस्लाम को लेने गया था। ट्रेन लेट होने के कारण पूरी रात गाड़ी में बैठा रहा और जब सुबह 6 बजे ट्रेन आई तो शहजिल गाड़ी के पास आये और बोले गाड़ी साफ नहीं की तूने। आरोप है कि विधायक ने इस दौरान उसे कई आपत्तिजनक शब्द भी कहे। उन्होंने जाति सूचक शब्द इस्तेमाल कर हाथापाई कर दी।(वार्ता)



