महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के नौसागर टोला कुआडाडी चौराहे पर बीती देर रात अनियंत्रित कार ने चार लोगों को रौद दिया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि इस घटना में तीन घायल हो गये। वहीं घटना के उपरांत वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। प्राप्त समाचार के अनुसार शनिवार की देर रात एक कार ने नौसागर टोला कुआडाडी चौराहे पर अनियंत्रित होकर एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दिया, कार की टक्कर से राहगीर की मौके पर मौत हो गयी।
इसके बाद चालक गाड़ी लेकर भागने लगा और नरायनपुर के पास एक महिला आरती निवासी नरायनपुर को टक्कर मार दिया। जिससे उसका पैर टूट गया। वाहन चालक तेज रफ्तार में लेवा चौराहे पर एक बाइक को टक्कर मार दी। जिस पर सवार दोनों लोग घायल हो गये। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां नौशाद,परमेश को जिला अस्पताल सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस कार की तलाश में जुट गयी है।



