Crime

बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत

अम्बिकापुर,छत्तीसगढ़ । अम्बिकापुर बनारस मार्ग में सोनगरा जंगल के पास मंगलवार देर रात खदान कर्मियों को लेकर आ रही बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया। तीनों मृतक जरही से दशहरा पर्व देखकर घर वापस लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार ग्राम सोनगरा निवासी परमेश्वर राजवाड़े 24 वर्ष, प्रेमसाय राजवाड़े 22 वर्ष और अविनाश राजवाड़े निवासी केवरा मोटरसाइकिल में दशहरा पर्व देखने जरही गए थे। देर रात करीब 11.30 बजे तीनों वापस लौट रहे थे। मोटरसाइकिल परमेश्वर चला रहा था।

इसी दौरान बनारस मार्ग में शिवानी खदान के पास महान तीन खदान से कर्मचारियों को लेकर वापस लौट रही अनुबंधित बस के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। तेज टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक को गभीर चोट आई और उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों मृतक के शव को भटगांव अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के बाद बस को खड़ी कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।(वीएनएस)

Related Articles

Back to top button