Crime

सड़क दुर्घटना में सात महिलाओं की मौत,10 घायल

चेन्नई : तमिलनाडु के तिरुपत्तूर जिले के नटरामपल्ली में सोमवार को चेन्नई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर एक माल से लदी लॉरी द्वारा टक्कर मारने के बाद, एक पर्यटक वैन महिलाओं के ऊपर पलट जाने से सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी और पांच महिलाओं सहित दस अन्य घायल हो गए।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना उस समय घटी, जब महिलाएं कर्नाटक के विभिन्न तीर्थ केंद्रों का दौरा करने के बाद, वेल्लोर जिले के परमानबुट शहर में स्थित अपने गृह नगर लौट रही थीं। उसी दौरान पर्यटक वैन का अगला टायर फट गया। चालक टायर को बदल रहा था तभी माल लदी लॉरी ने पीछे से टक्कर मार दी और वैन पास में ही खड़ी महिलाओं पर पलट जाने से सात महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी और पांच महिलाओं सहित दस अन्य घायल हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए कृष्णागिरी और तिरुपत्तूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल तथा वानियमबाड़ी के सरकारी तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।मृतकों में पी.सेल्वी उर्फ सेट्टम्मल (55), एम.मीरा (51), एस.देवकी (50), के.कलावती (50), के.सावित्री (42), आर.गीतांजलि (35) और डी.देवयानी (32) हैं।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button