
बुलढ़ाना । महाराष्ट्र से बुलढ़ाना जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां दो बसों में हुई भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे के शिकार हुए लोगों में अमरनाथ यात्री भी शामिल हैं।मृतकों की पहचान शिवाजी धनजी जगताप (55), बस चालक संतोष आनंदराव जगताप (38), राधाबाई सकरन गाडे (50), सचिन शिवाजी मघाडे, गीताबा बद्रीनाथ कराणे (46) और अर्चना गोपाल घुस्के (30) के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंगोली जिला कलेक्टर जीतेंद्र पापडकर और आपदा प्रबंधन अधिकारी रोहित कांजे ने मलकापुर पुलिस से संपर्क किया, घायलों के बारे में जानकारी ली और मृतकों के परिजनों को सूचित किया।
मिली जानकारी के अनुसार बुलढाणा जिले मल्कापुर कस्बे के स्थित फ्लाईओवर पर यह हादसा हुआ। यह भीषण एक्सीडेंट बीती रात करीब ढाई बजे हुआ। उस समय बस में अधिकतर यात्री नींद में थे।इससे पहले भी बुलढ़ाना में इसी महीने एक और भीषण बस हादसा हुआ था। तब समृद्धि एक्सप्रेस वे एक लग्जरी बस जल गई थी। उस हादसे में 26 यात्रियों की मौत हुई थी। बीती रात हुए हादसे के संबंध में बताया गया कि दो महिला सहित चार लोगों की मौत हुई है।
ओवरटेक की कोशिश में हुआ हादसा
हादसे के बारे में स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे मल्कापुर कस्बे के एक फ्लाईओवर पर हुई। हादसे की शिकार हुई एक बस अमरनाथ से हिंगोली लौट रही थी। जबकि दूसरी बस नासिक की तरफ जा रही थी। नासिक की ओर जा रही बस ने एक ट्रक से आगे निकलने की कोशिश की और इसी क्रम में वह सामने से आ रही दूसरी बस से उसकी भिड़ंत हो गई।इसमें पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक श्रद्धालु की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना में 22 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को बुलढाणा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पांच लोगों की मौत मौके पर ही
इस टक्कर में दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक व्यक्ति की मौत अस्पताल में हुई। 20 लोग अभी भी इलाजरत है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह के कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा।(वीएनएस)



