
कमरे का ताला तोड़कर नकदी समेत जेवरात चोरी
हरहुआ,वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत काजीसराय गांव में रात में कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी समेत जेवरात चुरा लिया और बगल के कमरे में सो रहे परिवार वालो को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले की जानकारी सुबह उठने पर हुई। इसके बाद पुलिस को फोन कर जानकारी दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल की।
जानकारी अनुसार बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पुलिस चौकी अंतर्गत काजीसराय गांव में राजेंद्र पटेल का मकान है और तीन कमरे बने हैं। रात दस बजे भोजन के बाद सभी लोग सोने चले गये। रात में करीब 12 बजे के बाद चोर पहुंचे और आलमारी खोलकर नकदी करीब 92 हजार और जेवरात पर हाथ साफ किया। मंगलवार की सुबह करीब 3.30 बजे परिवार के सदस्य जब उठे तो कमरे के अंदर जलती हुई लाइट और टुटी हुई दरवाजे की कुंडी देखकर वह हैरान रह गए।
अंदर जाने पर पता चला कि अलमारी भी खुली हुई है और सामान कपड़ा भी बिखरा हुआ है। उसके बाद परिवार के लोग शोर मचाने लगे तथा डायल 112 को सूचना दिए। सूचना पर पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ पहुंची और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट भी। परिवार वालों की माने तो चोरी जिस तरीके से हुई ऐसा लग रहा है कि इस बारे में पहले से किसी को जानकारी थी। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुट गयी है साथ ही परिवार के सदस्यों से पूछताछ भी की गयी।



