NationalState

टूरिस्ट बोट पलटने से 22 लोगों की मौत

मलप्पुरम । केरल के मलप्पुरम जिले में रविवार को एक टूरिस्ट बोट पलटने से 22 लोगों की मौत हो गई। ख़बरों के मुताबिक, बोट में 30 से ज्यादा लोग सवार थे। मलप्पुरम के कलेक्टर वीआर प्रेमकुमार ने बताया कि मरने वालों में ज्यादातर बच्चे और महिलाएं हैं। बोट में सवार 5 लोग तैरकर किनारे आ गए थे। 10 लोगों को गंभीर हालत में कोट्टाकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा किस वजह से हुआ इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, स्थानीय लोगों के मुताबिक बोट में क्षमता से ज्यादा लोग बिठाए गए थे और उतने लाइफ-जैकेट नहीं थे। इसलिए ऐसा हादसा हुआ।हादसा रविवार शाम लगभग 7 बजे मलप्पुरम जिले के तनूर इलाके में तुवलतिरम बीच के पास हुआ। बोट को किनारे पर लाया जा चुका है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसे में परापंगडी के एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई। सभी 22 मृतकों की पहचान कर ली गयी है। इनमें सात बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 10 अन्य घायल हुए हैं।उन्होंने बताया कि दुर्घटना के 10 मिनट के भीतर ही मछुआरों और स्थानीय निवासियों ने 10 यात्रियों को बचा लिया।

पुलिस को अंदेशा है कि दुर्घटना में एक एक व्यक्ति अभी भी लापता है। जिसकी तलाश में नौसेना, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग के लोग ,बचाव स्कूबी टीम और स्थानीय मछुआरों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। नौका के मालिक तनूर निवासी नजर के खिलाफ गैर जमानती मामला दर्ज कर लिया गया है। नजर दुर्घटना के बाद से फरार हो गया। दुर्घटना में चार गंभीर रूप से घायल बच्चों को कोट्टक्कल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Back to top button