State

किश्तवाड़ में सेना का हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, दोनों पायलट घायल

जम्मू : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार को मड़वा नदी के किनारे सेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार दो पायलट और एक वायुसेनाकर्मी घायल हो गए ।सेना की उत्तरी कमान के प्रवक्ता ने बताया कि तीनों घायलों को उधमपुर के कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि सेना का उन्नत हल्का हेलीकॉप्टर ध्रुव संचालन उड़ान पर था और पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे पर इसे किश्तवाड़ जिले में मड़वा नदी के किनारे के निकट आपात स्थिति में उतरना पड़ा।जानकारी के अनुसार पायलट ने वायु नियंत्रण कक्ष को हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने और आपात स्थिति में उतरने की जानकारी दी थी।

सतह के समतल ना होने और उतरने के लिए उपयुक्त जगह नहीं होने के कारण हेलिकॉप्टर जमीन से टकरा गया ।दुर्घटना के बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया और सेना की बचाव टीमों ने दोनों पायलट और एक वायु सेना कर्मी को घायल अवस्था में उधमपुर के कमान अस्पताल में भर्ती कराया।घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button