State

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद, पूर्वोत्तर में उग्रवाद नियंत्रित: अमित शाह

हैदराबाद : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि जम्मू- कश्मीर में आतंकवाद, पूर्वोत्तर में उग्रवाद और देश के कुछ हिस्सों में वामपंथी उग्रवाद में कमी आई है।यहां सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एसवीपीएनपीए) में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 74वें बैच के प्रोबेशनरों की पासिंग आउट परेड की समीक्षा करने के बाद संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा अपनाये गये प्रभावी उपायों के कारण पिछले आठ वर्षों के दौरान आतंकवाद, उग्रवाद और वामपंथी उग्रवाद में प्रभावी कमी आयी है।

उन्होंने कहा कि पिछले सात दशकों के दौरान देश ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और जहां तक आंतरिक सुरक्षा का सवाल है तो कई चुनौतीपूर्ण समय भी देखे हैं। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण समय के दौरान 36,000 से अधिक पुलिस कर्मियों ने अपने जीवन का बलिदान दिया। उन्होंने पुलिसिंग को मजबूत और प्रासंगिक बनाने के लिए परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारियों से सुलभ, जवाबदेह और सरल बने रहने को कहा।दीक्षांत परेड में कुल 195 अधिकारी प्रशिक्षु-166 आईपीएस अधिकारी प्रशिक्षुओं ने भाग लिया, जिनमें 37 महिलाएं और 29 विदेशी अधिकारी प्रशिक्षु शामिल हैं।

इनमें से 29 विदेशी अधिकारी प्रशिक्षु भूटान, मालदीव, नेपाल और मॉरीशस से हैं। इस अवसर पर, शाह ने आईपीएस प्रशिक्षु अधिकारी कार्तिक श्रोत्रिय को प्रशिक्षण में सर्वश्रेष्ठ दस्ते के लिए भारतीय पुलिस सेवा शहीद ट्रॉफी प्रदान की। आईपीएस प्रोबेशनरी ऑफिसर्स के 74वें बैच में केरल कैडर की शहंशा केएस ऑलराउंड टॉपर बनकर उभरी हैं .(वार्ता)

Related Articles

Back to top button