Varanasi

बरेका में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न, महाप्रबंधक ने फहराया तिरंगा

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह ने सभी का मन मोह लिया। स्कूली छात्रों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट और देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया गया। तिरंगे की छाया में राष्ट्रगान और देशभक्ति नारों से पूरा परिसर देशप्रेम से सराबोर रहा। आयोजन ने युवाओं में राष्ट्रसेवा व संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में भव्य रूप से मनाया गया। बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ तथा महाप्रबंधक ने भव्य मार्च पास्ट परेड की सलामी ली।

इसके बाद महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, बरेका इंटर कॉलेज स्काउट्स एवं गाइड्स तथा कब-बुलबुल की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। टुकड़ियों की सटीक ड्रिल, अनुशासन और समर्पण ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

राष्ट्रनिर्माण में बरेका की भूमिका पर प्रकाश, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व उपलब्धियों से सजा समारोह
राष्ट्रनिर्माण में बरेका की भूमिका पर प्रकाश, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व उपलब्धियों से सजा समारोह

स्वतंत्रता सेनानियों को नमन, उपलब्धियों पर जोर

अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बरेका अत्याधुनिक तकनीक, श्रेष्ठ गुणवत्ता और नवाचार आधारित लोकोमोटिव उत्पादन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में बरेका ने रिकॉर्ड 477 रेल इंजनों का निर्माण किया और इस वित्तीय वर्ष में 570 से अधिक लोकोमोटिव निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में बरेका अग्रसर है।

11,000 से अधिक लोकोमोटिव, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान

महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि बरेका द्वारा अब तक 11,000 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है। साथ ही बरेका विभिन्न देशों को 170 से अधिक लोकोमोटिव का निर्यात कर चुका है। वर्तमान में मोज़ाम्बिक रेलवे को 10 अत्याधुनिक डीज़ल लोकोमोटिव का निर्यात किया जा रहा है, जो बरेका की वैश्विक पहचान को दर्शाता है।

क्रू फ्रेंडली और सुरक्षा तकनीक में नवाचार

बरेका निर्मित लोकोमोटिव में नवीनतम तकनीकों का प्रयोग करते हुए क्रू फ्रेंडली सुविधाएं जैसे वाटरलेस यूरिनल, CLI सीट, सिग्नल एक्सचेंज लाइट तथा सुरक्षा के लिए DPWCS और ‘कवच’ जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप बरेका को उत्पादन इकाई श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ लोको कैब का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।

इसके अतिरिक्त बरेका में इलेक्ट्रिक वाइपर्स, 3D एडजेस्टेबल ड्राइवर सीट्स और एकॉस्टिक कैब इंसुलेशन जैसी उन्नत सुविधाओं से युक्त “अमृत भारत पुश-पुल” लोकोमोटिव का सफलतापूर्वक निर्माण किया जा रहा है।

ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि

वर्ष 2025 में ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में बरेका ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। 2024 की तुलना में विशिष्ट ऊर्जा खपत में 17.82% की बचत, सौर ऊर्जा उत्पादन में 5.78% की वृद्धि और सौर ऊर्जा उपयोग से 1.61 करोड़ रुपये की आर्थिक बचत की गई। इसके साथ ही इस वर्ष बरेका में लगभग 4500 वृक्षारोपण किए गए तथा जल संरक्षण के लिए 39 डीप रिचार्ज बोरवेल का निर्माण किया गया। इन प्रयासों के फलस्वरूप बरेका को जल संरक्षण हेतु जल प्रहरी पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्य

बरेका महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित “चेतना विद्यालय” का आधुनिकीकरण किया गया है। दिव्यांग बच्चों के लिए आधुनिक स्पीच थेरेपी कक्ष की स्थापना की गई है। साथ ही शिक्षकों के कौशल विकास हेतु विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन भी किया गया। राजभाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बरेका को लगातार तीसरे वर्ष ‘रेल मंत्री राजभाषा शील्ड’ से सम्मानित किया गया। बरेका के बाल निकेतन स्कूल को ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी, नई दिल्ली द्वारा ‘शून्य प्लस लेबलिंग प्रमाण पत्र’ से सम्मानित किया गया।

खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया गौरव

खेलकूद के क्षेत्र में भी बरेका ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कपूरथला में आयोजित अखिल भारतीय रेलवे गोल्फ चैंपियनशिप में बरेका टीम ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान रेलवे सुरक्षा बल द्वारा प्रस्तुत रोमांचक डॉग शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात संगीत महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भावपूर्ण समूह गान प्रस्तुत किया। बरेका सांस्कृतिक संस्था द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित चेतना प्रशिक्षण केंद्र, बाल निकेतन स्कूल, सेंट जॉन्स स्कूल, बरेका इंटर कॉलेज तथा भारत स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

वंदे मातरम् के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार सहित समस्त जनसमूह ने खड़े होकर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया, जिससे पूरा परिसर देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

केंद्रीय चिकित्सालय में आधुनिक एक्स-रे मशीन का उद्घाटन

कार्यक्रम के पश्चात महाप्रबंधक केंद्रीय चिकित्सालय पहुंचे, जहां उन्होंने रोगियों का कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें उपहार वितरित किए। इस अवसर पर बरेका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मोनिका श्रीवास्तव एवं अन्य सदस्याओं ने भी रोगियों से मिलकर उन्हें उपहार भेंट किए। महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार एवं अध्यक्षा श्रीमती मोनिका श्रीवास्तव ने केंद्रीय चिकित्सालय में अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेकशील, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेंद्र कुमार सिंह, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री समीर पॉल, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव, एससी-एसटी संगठन के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कर्मचारी, उनके परिजन एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन आरपीएफ निरीक्षक श्री के. के. सिंह एवं वरिष्ठ लिपिक श्रीमती शैलेन्द्री द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी ने किया।

देशभर में हर्षोल्लास से मना 77वां गणतंत्र दिवस, कर्तव्य पथ पर दिखी सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक वैभव

घबराइए मत, हर समस्या का होगा समाधान: मुख्यमंत्री

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button