750 रोटेरियन, 90 क्लब और एक लक्ष्य-वाराणसी में ‘अनुगूंज’ अधिवेशन की खास कहानी
वाराणसी के कैंटोनमेंट स्थित होटल सूर्या में रोटरी क्लब मंडल-3120 का 42वां मंडलीय अधिवेशन ‘अनुगूंज’ भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। अधिवेशन में 90 क्लबों के 750 से अधिक रोटेरियन शामिल हुए। कार्यक्रम में जल संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक सेवा को लेकर विचार साझा किए गए।
वाराणसी। रोटरी क्लब मंडल–3120 का 42वां मंडलीय अधिवेशन “अनुगूंज” शुक्रवार को कैंटोनमेंट स्थित होटल में भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। इस अधिवेशन में मंडल के 90 क्लबों से जुड़े 750 से अधिक रोटेरियन सहभागिता कर रहे हैं। अधिवेशन का शुभारंभ मंडल अध्यक्ष डॉक्टर आशुतोष अग्रवाल एवं होस्ट क्लब रोटरी क्लब वाराणसी डाउन टाउन के अध्यक्ष सिद्धार्थ जायसवाल को उनके सचिवों द्वारा कॉलर पहनाने, राष्ट्रगान तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलन एवं श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं पूर्व मंडलाध्यक्षों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट रिप्रेजेंटेटिव (आरआईपीआर) दीपक पोफले ने कहा कि वाराणसी धर्म, संस्कृति और गौरव की नगरी है। उन्होंने रोटरी की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सक्रिय सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता है। जब तक हम बड़े सामाजिक चैलेंज स्वीकार नहीं करेंगे, तब तक जल संकट जैसी गंभीर समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं को रोटरी से जोड़ने, आपसी सहयोग बढ़ाने और सामाजिक सेवा के लिए नवाचार अपनाने पर विशेष बल दिया।

प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए मंडल अध्यक्ष डॉक्टर आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि रोटरी मंडल-3120 द्वारा वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और लखनऊ क्षेत्रों में लगातार अनेक सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इनमें रक्तदान जागरूकता, वृक्षारोपण, आपदा राहत, रोटरी क्लीनिकों का संचालन, टीबी मुक्त भारत अभियान तथा रोटी बैंक प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि ग्लोबल ग्रांट के अंतर्गत एक आईसीयू, एक ब्लड डोनेशन बस तथा छह एंबुलेंस प्रदान की जा रही हैं। साथ ही आर.जे. संकरा नेत्रालय, वाराणसी के साथ साझेदारी के तहत अब तक 9,000 से अधिक ओपीडी सेवाएं एवं 750 से अधिक नेत्र ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं। इस अवसर पर टीआरएफ कंट्रीब्यूशन (300 डॉलर) के लिए 28 रोटेरियनों को सम्मानित भी किया गया।
विशिष्ट अतिथि रि.वाइस एडमिरल अजेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर सशक्त हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए व्यापार को मजबूत करना आवश्यक है। इसके लिए जल परिवहन को बढ़ावा देने और नदियों के संसाधनों का योजनाबद्ध उपयोग समय की मांग है, जिससे व्यापार, परिवहन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में ‘मसान की होली’ का भव्य मंचन किया गया, जिसने सभी का मन मोह लिया। साथ ही लकी ड्रा गेम्स के माध्यम से उपस्थित रोटेरियनों का मनोरंजन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विपुल शंकर पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सिद्धार्थ जायसवाल द्वारा प्रस्तुत किया गया।
“पूर्वांचल में मातृत्व की नई क्रांति: जानिए कौन हैं डॉ. अनु अग्रवाल”
“जहां हर चोट के बाद तय होती है वापसी-खिलाड़ियों के विश्वास और चिकित्सा के संकल्प की कहानी”
खून से लिखी दोस्ती: देवरिया के चार युवाओं ने एक साथ रक्तदान कर बचाई जीवन की उम्मीद



