
कानपुर । उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में आज सुबह भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जिले में कानपुर देहात की भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रॉला अनियंत्रित होकर पलट गया। इस ट्रॉले के नीचे 22 लोग दब गए। जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें कई लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जबकि आठ लोगों को मामूली चोट आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। एक महिला मजदूर ने बताया कि यह सभी मजदूर हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। सभी कोयला छनाई के काम के लिए इटावा जा रहे थे। महिला ने बताया कि ट्रॉला का चालक तेज आवाज से गाने बजा रहा था और तेज रफ्तार के साथ वाहन के चला रहा था। इसी कारण अनियंत्रित होकर ट्रॉला पलट गया। इस हादसे में मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर से गुजर रहे लोगों ने ट्रॉले के नीचे दबे को अपने वाहन रोककर निकालना शुरू किया। साथ ही मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी भोगनीपुर कोतवाली पुलिस को दी। इसके बाद तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी आला अधिकारियों को दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।