Varanasi

पेयजल संकट से मिलेगी मुक्ति, बिछेगी 3345 मीटर नई पाइपलाइन

वाराणसी नगर निगम ने आदि विश्वेश्वर वार्ड में पेयजल समस्या के समाधान हेतु 2.58 करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना शुरू की है। 3345 मीटर लंबी नई लाइन बिछाई जाएगी, जिससे 784 घरों को लाभ मिलेगा। जर्जर पाइपलाइनों से मिल रहे कम दबाव और दूषित जल की समस्या दूर होगी तथा लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

  • ​महापौर ने रखी 2.58 करोड़ रुपये की लागत से आदि विशेश्वर वार्ड आधारशिला, 784 घरों को मिलेगा शुद्ध पानी

वाराणसी। शहर के पुराने बस्ती क्षेत्रों में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने आदि विश्वेश्वर वार्ड (वार्ड संख्या-69) में नई पाइपलाइन बिछाने के कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। 2.58 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली इस परियोजना के तहत कुल 3345 मीटर लंबी पाइपलाइन डाली जाएगी, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

महापौर ने शिलान्यास के दौरान बताया कि वार्ड के कई हिस्सों में पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों के कारण लोगों को लंबे समय से कम दबाव और दूषित पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। पाइपलाइन की खराब स्थिति के चलते पानी की आपूर्ति भी नियमित नहीं हो पा रही थी, जिससे स्थानीय निवासियों में असंतोष बढ़ रहा था। नई पाइपलाइन के निर्माण से इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

इस परियोजना के पूरा होने के बाद लगभग 784 घरों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। साथ ही, जल आपूर्ति के दबाव में भी उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे लोगों को पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। नगर निगम का दावा है कि यह योजना पुराने शहर के अन्य इलाकों में भी पेयजल सुधार के लिए मॉडल के रूप में काम करेगी।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, पूर्व उपसभापति सुरेश चौरसिया, पार्षद इंद्रेश सिंह, संजय विश्वंभरी, श्रवण गुप्ता, संजय केसरी, मनीष गुप्ता, अमरेश गुप्ता, अनंत गुप्ता और अंकुर मेहरोत्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

लक्ष्मी कुंड के जीर्णोद्धार में ‘खेल’, महापौर के निरीक्षण में खुली पोल

काशी के घाटों पर अब दिखेगी ‘अर्पण कलश’ की चमक

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button