श्रीकाकुलम मंदिर में मचा हाहाकार : भगदड़ में 10 श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले के काशीबुग्गा गांव स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह भगदड़ मचने से नौ महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 20 श्रद्धालु घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब एकादशी के अवसर पर मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। भीड़ को संभालने के लिए लगाई गई रेलिंग टूटने से अफरा-तफरी मच गई। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर इलाज का निर्देश दिया है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
- आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में एकादशी के दिन उमड़ी भारी भीड़ ने ली 10 लोगों की जान, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश) : आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में काशीबुग्गा गांव स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में एक दर्दनाक हादसे में नौ महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई और 20 श्रद्धालु घायल हो गए।यह हादसा शनिवार सुबह को तब हुआ जब मंदिर में अत्यधिक भीड़ के अनियंत्रित होने के कारण भगदड़ मच गयी।आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू ने मीडिया को बताया कि नवनिर्मित वेंकटेश्वर मंदिर में हज़ारों श्रद्धालु उमड़े थे। मंदिर प्रबंधन कथित तौर पर भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त प्रबंध करने में विफल रहा। गंभीर रूप से घायलों को श्रीकाकुलम के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में येदुरी चिन्नमा, रापाका विजया, यशोदा, नेलम्मा और राजेश्वरी शामिल हैं।
मंत्री ने कहा, “यह मंदिर क्षेत्र में ज़्यादा प्रसिद्ध नहीं था, लेकिन आज अप्रत्याशित रूप से 20,000 से ज़्यादा श्रद्धालु पहुँच गए। मंदिर के न्यासियों ने अधिकारियों को अपेक्षित भीड़ के बारे में सूचित नहीं किया।”पुलिस के अनुसार एकादशी होने की वजह से मंदिर में कुछ श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश द्वार की बजाय निकास द्वार से अंदर जाने की कोशिश करने लगे, जिससे अफरा-तफरी के बाद भगदड़ मच गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगाई गई रेलिंग अचानक टूट गई, जिसके बाद कई लोग गिर पड़े।जानकारी के अनुसार, श्री वेंकटेश्वर मंदिर 12 एकड़ भूमि पर करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। करीब 20 एकड़ ज़मीन पर भक्त हरि मुकुमा पांडा द्वारा निर्मित इस मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा इसी साल मई में की गई थी।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। राज्य की गृह मंत्री वी. अनीथा ने ज़िले के पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
मंदिर भगदड़ मामले में प्रधानमंत्री मोदी का मृतकों को दो लाख की राशि देने का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रत्येक मृतक के निकट परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है।प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों। जान गंवाने वालों के परिवारों को दो लाख रुपये और घायलों में प्रत्येक को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।”उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में हुई यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है और इससे उन्हें गहरा दुःख पहुंचा है। उपराष्ट्रपति ने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।(वार्ता)
इनोवेशन और रिसर्च ही भविष्य की महाशक्ति बनाएंगे भारत को: सीएम योगी



