National

व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने के लिए काम करें भारत-केन्या: मुर्मू

नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि भारत के केन्या के साथ सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और दोनों देशों को द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।श्रीमती मुर्मू ने केन्या के सर्वोच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मार्था के. कूमे से शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में मुलाकात के दौरान यह बात कही।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि केन्या एक ऐसा देश है, जिसके साथ भारत के सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। भारत को केन्या का विकास भागीदार होने पर गर्व है। भारत केन्या की नई सरकार के साथ उच्च स्तरीय राजनीतिक संवाद की परंपरा को बनाए रखने के लिए उत्सुक है। दोनों देशों को द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायमूर्ति कूमे, केन्याई सर्वोच्च न्यायालय की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश हैं। राष्ट्रपति ने केन्या में सभी के लिए न्याय को सुलभ बनाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रति उनके प्रयासों की सराहना की।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button