
हम नहीं करते गरीब के नाम पर राजनीति, अंत्योदय है हमारा लक्ष्य: प्रधानमंत्री
गरीबों के समग्र विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगें: नरेंद्र मोदी . पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि के तहत आयोजित कार्यक्रम में पीएम ने किया पटरी कारोबारियों से वर्चुअल संवाद .
लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम गरीबों के नाम पर राजनीति नहीं करते। यह हमारे लिए राजनीति का विषय नहीं हैं। हम इनकी सेवा, इनके उत्थान, इनकी आत्मसम्मान की रक्षा के लिए संकल्पित हैं। वर्तमान सरकार की नीतियों के केंद्र में यही कमजोर वर्ग है। कोरोना का संकटकाल हो या इसके पूर्व की स्थिति, हमने सतत सेवाभाव से ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य को पाने के लिए कोशिश की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार गरीब के जीवन और कारोबार को बेहतर बनाने में हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों से वर्चुअल संवाद कर रहे थे।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम में वर्चुअली भाग लिया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों की खुशी मुझे संतोष देती है। इससे हमें और काम करने की प्रेरणा मिलती है। आपका आत्मविश्वास, कारोबार और परिवार को लेकर चिंता, प्रबंधन, नियोजन और तकनीक के प्रति प्रेम काबिले तारीफ है। यह औरों के लिए भी सीख है। आपकी यही सकारात्मक सोच हमारी ताकत है। ऐसे ही प्रयासों से देश आगे बढ़ता है और आत्म निर्भर भारत का सपना साकार होता है।
आजादी के बाद पहली बार दिखी योजनाओं में दिखी ऐसी तेेजी
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के शुरुआत में कई लोगों ने इससे निबटने के लिए भारत की क्षमताओं पर आशंका जताई। इस दौरान सरकार ने अपने सभी योजनाओं के केंद्र में लॉकडाउन से सर्वाधिक प्रभावित गरीबों को ही केंद्र में रखा। कोरोना में जब जीवन तकरीबन ठहर गया था उस दौरान इन योजनाओं के प्रगति की गति काबिले तारीफ रही। आजादी के बाद पहली बार लोगों ने ऐसा होता देखा। पूरा देश अपनी पूरी ताकत और संसाधनों के साथ गरीबों के साथ खड़ा रहा। इस दौरान आपके श्रम को सम्मान और आपके काम को पहचान भी मिली।
गरीबों की खुशी मुझे और बेहतर करने की प्रेरणा देती है
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का पूरा प्रयास रहा है कि योजनाओं का लाभ पाने में गरीब को कोई दिक्कत न हो। पारदर्शिता और तेजी के लिए अधिकतम तकनीक का प्रयोग हो। ऐसा हुआ भी। इसमें जनधन खातों की बड़ी भूमिका रही। यह वहीं खाते हैं जिनके खुलने पर कुछ लोगों को बड़ी पीड़ा हुई थी। यह वही लोग है जो खुद तो आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं। गरीबों के नाम पर राजनीति करते हैं, पर बेईमानी का सारा ठीकरा गरीबों पर ही फोड़ देते हैं। पर इस योजना से लाभ पाने के बाद ऋण चुकाना शुरू कर गरीबों ने ऐसी सोच वालों को बताया कि गरीब ईमानदार होता है। वह स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करता। आप लोग अधिकतम लोगों को इस योजना के बारे में बताएं ताकि वह भी ऋण लेकर आपकी ही तरह अपने जीवन को बेहतर कर सकें।
काेरोना हारेगा पर प्रोटोकॉल को लेकर कोई ढ़िलाई नहीं
स्ट्रीट वेंडर्स से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आप लोग विषम हालातों में कोरोना से जिस तरह लड़े उसकी जितनी भी तारीफ की जाए कम है। यकीनन शीघ्र ही कोराना हारेगा, पर पर्व त्यौहारों के इस मौसम में कहीं से कतई कोई लापरवाही न करें। दो गज दूरी और मास्क जरूरी के मूल मंत्र को खुद याद रखें और लोगों को भी याद दिलाते रहें।
पीएम ने की सीएम योगी और उनके टीम की तारीफ
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम की तारीफ की। कहा कि उत्तर प्रदेश ने केंद्र सरकार की योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित करने में सर्वोत्तम प्रयास किया है।पटरी कारोबारियों को ऋण देने के मामले में भी नंबर वन रहा। देश में अब तक इस योजना के तहत हुए 25 लाख पंजीकरण में से करीब 7 लाख पंजीकरण सिर्फ उप्र से हुए हैं। यही नहीं ऋण लेने में लगने वाले स्टैंप ड्यूटी को भी उप्र सरकार ने भी माफ कर दिया है। कोराना के असाधारण संकट के दौरान हर जरूरतमंद को भरण-पोषण भत्ता, राहत, हर पात्र को अग्रिम पेंशन देकर गरीबों की चिंता कर उप्र सरकार ने सराहनीय काम किया है।
बैंकर्स काे मिलेगा हर गरीब का अशीर्वाद
प्रधानमंत्री ने कहा कि इतने कम समय में इतने लोगों को बिना किसी औपचारिकता के घर लाभार्थियों के घर जाकरकर्ज देना बिना बैंकर्स की मदद से संभव नहीं था। गरीबों का जीवन बेहतर करने के लिए आपके इस काम के बदले वह जरूर आपको आशीर्वाद देंगे।
हर पटरी व्यसायी को देंगे योजना का लाभ : मुख्यमंत्री
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर पटरी व्यवसाई जो ऋण के लिए आवेदन देगा उनको इस योजना से संतृप्त किया जाएगा। अब तक करीब 7 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। 6.53 लाख लोगों ने ऋण के लिए आवेदन किए हैं। इनमें से करीब पौने चार लाख लोगों को ऋण मंजूर किया जा चुका है। करीब 2.74 लाख लाख लोगों को ऋण मिल भी चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रदेश के पटरी कारोबारियों से मुखातिब होना, हम सबके लिए सौभाग्य की बात है। यह समाज का सबसे वंचित वर्ग है। इनमें से अधिकांश रोज महंगे ब्याज पर कर्ज लेकर अपना कारोबार करते हैं। योजना के तहत मिले लाभ से अब वह अपने पैसे से काराेबार का अपने जीवन को पटरी पर ला सकेंगे।
सबसे जरूरतमंद तबके लिए बेहतरीन योजना:
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सबसे जरूरतमंद तबके के लिए यह बेहतरीन योजना है। यकीनन पर्व त्यौहार के इस मौसम के दौरान मिली इस मदद से उनके और परिवार के जीवन में नई खुशियां आएंगी। मुख्यमंत्री ने कोराना के प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रधानमंत्री की तारीफ की। यह भी कहा कि आपके ही मार्ग निर्देशन में इस दौरान सरकार ने गरीबों और दूसरे राज्यों से घर वापस आए श्रमिकों की हर भरण-पोषण भत्ता, राशन, एडवांस पेंशन, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं के जरिए संभव मदद की। आज का यह कार्यक्रम भी उसी की एक कड़ी है। कार्यक्रम में नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम विभाग के मंत्री आशुतोष टंडन, राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता, समेत शासन और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस लिए खास है पीएम स्वनिधि योजना
– कोई सिक्योरिटी नहीं।
– समय से भुगतान पर ब्याज पर सात फीसद अनुदान
– अगली बार इससे बड़ा लोन
– डिजिटल लेन-देन पर सालाना 1200 रुपये कैशबैक


