
देने के लिए दान, लेने के लिए ज्ञान एवं छोड़ने के लिए अहंकार ही सेवा का मूल मंत्र – विनीत सिंह
नवनिर्वाचित प्रधान व बीडीसी सदस्यों का हुआ सम्मान
दुद्धी, सोनभद्र- प्रदेश में सबसे ज्यादा कमीशन खोरी का खेल दुद्धी ब्लाक में हो रहा है। तमाम साक्ष्यों के आधार पर मैं खुले मंच से बोल रहा हूं | यह बातें बुधवार को क्षेत्रीय विधायक हरिराम चेरो ने ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख रंजना चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा |
श्री चेरो ने नवनिर्वाचित प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शुभकामना देते हुए अपील किया कि वे इस भ्रष्ट्र व्यवस्था को बदलने के लिए आगे आयें| उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास मद में आये धन का सदुपयोग करें, जिससे कि अपने गांव में उनका सम्मान बरकरार रहे| इसके साथ ही उन्होंने राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अपने गांव के ग्रामीणों को दिलाने में उनका भरपूर मदद करे|
कही कोई परेशानी आती है,तो वे इसकी शिकायत सीधे हमसे करें| वही मिर्जापुर-सोनभद्र के पूर्व विधान परिषद सदस्य श्यामनारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह ने सभी पंचायत जन प्रतिनिधियों को जनता की सेवा करने का गुर सीखाते हुए कहा कि देने के लिए दान,लेने के लिए ज्ञान एवं छोड़ने के लिए अहंकार होता है| यदि आप इस पर अमल कर लिए तो जनता जनार्दन आपको सदैव सिर माथे पर बैठाए रखेगी|
इसके साथ ही वे पीएम मोदी एवं सीएम योगी द्वारा चलाए गए जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जमकर तारीफ़ करते हुए कहा कि आजाद भारत में सही मायने में अब विकास की गंगा बहाई जा रही है| समाज के अंतिम व्यक्ति की सरकारी चिंता का सुखद परिणाम दुरूह इलाके में आबाद ग्रामीणों के लिए कराए जा रहे विकास कार्यों को देख कर लगाया जा सकता है|
खासकर केन्द्र सरकार द्वारा जिले के दुरूह इलाकों में दस हजार पांच सौ करोड़ से हर घर नल जल योजना द्वारा कराया जा रहा कार्य ऐतिहासिक है। संघ अध्यक्ष दिनेश यादव,राम प्रसाद यादव,बृजेश कुशवाहा समेत अन्य प्रधानो ने पंचायतों में कार्य में आ रही तमाम समस्याओं से दोनों जनप्रतिनिधियो को अवगत कराते हुए उसके निराकरण के लिए 11 सूत्रीय मांग पत्र सौपी|
समारोह के समापन की घोषणा करने के पूर्व ब्लाक प्रमुख श्रीमती चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार जताया| संचालन बी बी भारती व दिनेश यादव ने किया। इस मौके पर भाजपा दुद्धी मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह बबलू,क्रय विक्रय समिति के अध्यक्ष रामेश्वर राय,डा गौरव,मनीष जायसवाल,मोनू सिंह समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।



