Breaking News

दबंगों को सिखाओ सबक, गरीबों के बनवाओ मकान

  • जनता दर्शन में दो सौ फरियादियों की समस्याएं सुनीं मुख्यमंत्री ने, निराकरण के लिए अफसरों को दिए निर्देश

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को करारा सबक सिखाया जाए। साथ ही गरीबों और जरूरतमंदों के मकान बनवाए जाएं। अधिकारी जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखें और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें।

सीएम योगी में ये निर्देश रविवार को गोरखनाथ मंदिर में आहूत जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए दिए। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे। सबकी समस्याओं को सुनते हुए आश्वस्त किया हर समस्या का निस्तारण किया जाएगा। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब दो सौ लोगों की फरियाद सुनी। इसमें बड़ी संख्या महिलाओं की रही। इस दौरान एक महिला ने आवास की समस्या बताई।

इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि महिला को मकान उपलब्ध कराया जाए। जमीन कब्जा करने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार वाले फरियादियों को सीएम ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी इलाज नहीं रुकने पाएगा। जनता दर्शन में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों को दुलारते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए चॉकलेट दिया।

Related Articles

Back to top button