PoliticsState

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम तय करने में बातचीत जारी, अटकलबाजी न करें: सुरजेवाला

कर्नाटक में मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा से पहले ही सिद्धारमैया के घर जश्न का माहौल

नयी दिल्ली : कर्नाटक विधानसभा के चुनाव के नतीजे आने के बाद बुधवार को चौथे दिन भी कांग्रेस पार्टी नए मुख्यमंत्री के नाम को तय करने की जद्दोजहद में लगी है और पार्टी ने कहा कि नेता का सर्वसम्मति से तय करने का प्रयास जारी है।पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राजधानी में पिछले दो दिनों से बैठकों सिलसिले के बीच आज अपराह्न तीन बजे पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास के बाहर संवाददताओं से कहा, “कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल के नेता के सर्वसम्मत चयन के लिए बातचीत जारी है।”

उन्होंने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री के फैसले को लेकर अटकलबाजी न करने की अपील की और कहा कि श्री खड़गे नए नेता के संबंध में बातचीत कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार (13 मई ) को कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना में कांग्रेस पार्टी 135 सीटों के साथ विजयी हुई है।रविवार को बेंगलुरु में पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे और दो अन्य केन्द्रीय पर्यवेक्षकों ने नए विधायकों की बैठक में विधायकों की राय पर अपनी रिपोर्ट सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष को सौंप दी थी। विधायक दल की बैठक में एक पंक्ति के प्रस्ताव में नए नेता के नाम का फैसला पार्टी अध्यक्ष पर छोड़ दिया गया था।

मुख्यमंत्री पद के दो प्रमुख दावेदरों पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने आज दिल्ली में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से अलग-अलग बैठकें कीं। श्री खड़गे और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता कर्नाटक के नए नेता की गुत्थी सुलझाने के लिए पिछले तीन दिन से लगातार बैठकें कर रहे है और मान-मनौव्वल की जा रही है।श्री सुरजेवाला ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस अपने चुनाव घोषणा पत्र के सभी वादे पूरे करेगी और हमारा लक्ष्य राज्य की जनता का समग्र कल्याण करना है।

कर्नाटक में मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा से पहले ही सिद्धारमैया के घर जश्न का माहौल

कर्नाटक में सत्ता में आयी कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर मचे राजनीतिक घमासान के बीच दावेदारों में से एक श्री सिद्धारमैया के आवास के बाहर बुधवार को उस समय जश्न मनाया गया जब उनके करीबी सहयोगियों ने दावा किया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं ने उन्हें सूचित किया कि वह कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे।कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

श्री सिद्धारमैया के घर के बाहर समर्थक तब खुशी से झूम उठे जब कई मीडिया घरानों ने दावा किया कि कुरुबा नेता को अगला मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है। उनमें से कुछ ने सिद्धारमैया के पोस्टर पर दूध डाला, और कुछ अन्य ने उनके घर के प्रवेश द्वार पर “ मुख्यमंत्री सिद्धारमैया” का उल्लेख करते हुए एक नेम प्लेट पर माल्यार्पण किया।

इस बीच, पुलिस अधिकारियों ने श्री कांतीरवा आउटडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया जहां कर्नाटक की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है।इससे पहले दोपहर में श्री सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद के लिए जोरदार पैरवी के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। श्री डीके शिवकुमार ने भी श्री गांधी से मुलाकात की और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर एक घंटे से अधिक समय तक इस मुद्दे पर चर्चा की।(वार्ता)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button