PoliticsUP Live

जनसभा नहीं, प्रेस वार्ता तक सीमित हो चुकी है सपा : योगी आदित्यनाथ

बोले सीएम, देश का विकास कांग्रेस और इंडी गठबंधन से देखा नहीं जा रहा .प्रधानमंत्री मोदी को चुनाव जिताकर सत्ता पर बिठाने को आतुर है जनता जनार्दन: सीएम योगी .

फतेहपुर : फतेहपुर बुंदेलखंड का प्रवेश द्वार है, लेकिन कांग्रेस और सपा के लोगों ने अपने शासनकाल में यहां पर लूट मचा रखी थी। उस दौरान यहां सपा के माफिया, खनन माफिया, खाद्यान्न माफ़िया और भू माफिया हावी थे। यहां चारो ओर अराजकता चरम पर थी। प्रदेश में बेटी और व्यापारी की सुरक्षा खतरे में थी। प्रदेश में गरीब भूख से मरता था तो किसान आत्महत्या को मजबूर था। यही कारण है कि समाजवादी पार्टी के लोगों को जनसभा में जनता नहीं मिल रही, तो वह प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित हो चुके हैं। अब तो यह स्थिति हो गई है कि समाजवादी पार्टी को सभा करने के लिए कहीं जगह नहीं मिल पा रही है। ऐसे में जनता भी कह रही है कि भैया आप लोग घर में ही ठीक हैं। यह लोग केवल प्रेस वार्ता तक सीमित हो गए हैं। इसमें भी कांग्रेस और सपा के लोग कुछ नया नहीं बोलते हैं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बिंदकी के फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी साध्वी निरंजन ज्योति के पक्ष में वोट की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में देश की तस्वीर बिलकुल बदल चुकी है। वही वजह है कि लोकसभा चुनाव के अभी तीन चरण बाकी है, लेकिन परिणाम को लेकर देश का हर व्यक्ति निश्चिंत है। हम देश की जनता के इस विश्वास का अभिनंदन करते हैं क्योंकि वह 10 वर्ष की लगातार सेवा के बाद इस बार भी उत्साह के साथ मोदी को चुनाव जीताकर सत्ता पर बैठाने को आतुर है। इसके लिए जनता जनार्दन ने अबकी बार 400 पर के अभियान को आगे बढ़ाने के लिए कमर कसी ली है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को बताया देश की धमक कैसी होनी चाहिये
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ सबका विकास पर विश्वास रखती है। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से गरीब कल्याणकारी योजनाओं को लाभ बिना भेदभाव के दिया जा रहा है। वहीं देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी लगातार काम कर रही है। पहले देश में आतंकी घटनाएं होती थी, लेकिन आज पाकिस्तान पटाखा फूटने पर भी सफाई देता है। किसी देश की धमक कैसी होनी चाहिए, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करके दिखाया है। सीएम योगी ने कहा कि 500 वर्षों के बाद रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हो गए हैं। इस बार इन्होंने अपना जन्मोत्सव और होली का उत्सव दोनों अयोध्या में मनाया है। यह सब कांग्रेस और इंडी गठबंधन को अच्छा नहीं लग रहा है। वह बौखलाकर गुमराह करने वाले बयान दे रहे हैं। उनके पास वहीं पुराना रटा रटाया बयान रहता है कि देश से गरीबी हटा देंगे, लेकिन कैसे इसे नहीं बताते हैं।

मैं योगी हूं, मेरे लिये नेशन फर्स्ट है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल अभी-अभी जेल से छूटे हैं। ऐसे में उन्हे जेल के साइड इफेक्ट हो रहे हैं। उनके लिए सत्ता ही सब कुछ हो गई है। इसके लिये वह मुझे इससे जोड़ते हैं। सीएम योगी ने कहा कि मैं तो एक योगी हूं और मेरे लिये नेशन फर्स्ट है। मैं देश, सनातन और हिंदू धर्म के लिए एक बार नहीं बल्कि 100 जन्म लेकर भी सत्ता को ठुकरा सकता हूं। यह लोगों का जो कुछ भी है वह तो जनता जनार्दन के लिए है। हमारे कोई आगे पीछे नहीं है, जो कुछ है वह जनता जनार्दन के लिए है। अन्ना हजारे ने कांग्रेस के खिलाफ और उसकी भ्रष्टाचार नीतियों के खिलाफ आंदोलन किया था। इसी उद्देश्य के साथ अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सरकार बनायी थी, लेकिन आज वह खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। वहीं कांग्रेस से हाथ मिला लिया है। यह अन्ना हजारे के मिशन को कलंकित करने वाला है। सीएम योगी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जब जेल में थे तो दिल्ली की जनता बड़ी सुकून से थी। वहीं बाहर आने पर केजरीवाल की खांसी से दिल्ली की जनता भी खांसते हुए दिखाई दे रही है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, धर्मपाल सिंह, सांसद कानपुर देहात देवेंद्र सिंह, जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, विधायक कृष्णा पासवान, राजेंद्र सिंह पटेल, विकास गुप्ता आदि उपस्थित थे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button