
लखनऊ । स्वामी प्रसाद मौर्या , दारा चौहान के सपा में शामिल होने से भाजपा को जो झटका लगा था , उसका हिसाब बराबर करने में जुटे भाजपा नेताओं नें आज पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक और झटका दिया । इसके साथ हीं ‛लड़की हूँ लड़ सकती हूँ ’ स्लोगन का हवा निकाल दिया ।समाजवादी पार्टी के औरैया के बिधूना से 2012 में विधायक रहे प्रमोद कुमार गुप्ता के साथ कांग्रेस की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्या, अयोध्या की लोक गायिका वंदना मिश्रा तथा कानपुर की गोविन्द नगर सीट से बसपा के प्रत्याशी रहे सुनील शुक्ला ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के प्रमुख पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा लक्ष्मीकांत बाजपेई ने इन सभी को पार्टी सदस्यता दिलाई।
मुलायम के साढ़ू प्रमोद एलएस भाजपा में शामिल
समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू एवं पूर्व विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता एलएस ने गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण की।लखनऊ में भाजपा की ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मी कांत बाजपेई ने उन्हे पार्टी की पटका पहना कर सदस्यता दिलायी। गुप्ता ने कहा कि सपा अपनी मूल विचार धारा से भटक चुकी है। पार्टी में नेता जी (मुलायम सिंह यादव) और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का कोई सम्मान नहीं बचा है।
कांग्रेस के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य भाजपा में आयीं
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिये कांग्रेस द्वारा महिला मतदाताओं को लुभाने के लिये शुरु किये गये ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्य ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।डा मौर्य और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साढ़ू प्रमोद गुप्ता सहित अन्य लोगों को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग समिति के प्रमुख लक्ष्मीकांत बाजपेई ने पार्टी में शामिल किया।
भाजपा में शामिल होने के बाद औैरैया के बिधूना से विधायक रहे प्रमोद कुमार गुप्ता ने अखिलेश यादव पर बेहद गंभीर आरोप लगाया। मुलायम सिंह के साढू प्रमोद गुप्ता ने कहा कि अखिलेश यादव ने तो नेताजी को बंधक बना रखा है। समाजवादी पार्टी में तो गुंडों का ही बोलबाला है। प्रमोद गुप्ता बोले कि अखिलेश यादव चाटुकारों से घिर गए हैं। मुलायम सिंह बुजुर्ग हो गए हैं। उनकी बात अब न अखिलेश सुनते हैं और न ही पार्टी में कोई सुनता है। अखिलेश ने मुलायम को बहुत रुलाया है।
अदिति सिंह ने कांग्रेस और विधायक पद से दिया इस्तीफा
रायबरेली सदर की विधायक अदिति सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. नवंबर 2021 में ही रायबरेली सदर से पार्टी की फायर ब्रांड विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस को झटका दिया था और भाजपा का दामन थामा था. अदिति ने कांग्रेस की प्राइमरी सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है. माना जा रहा है कि भाजपा रायबरेली सदर सीट से ही अदिति सिंह को टिकट दे सकती है ।