भलुअनी: दिल्ली बम धमाके में घायल शिवा पहुँचे घर, कुशलक्षेम लेने वालों का तांता
दिल्ली के लाल किले के पास हुए बम धमाके में घायल भलुअनी निवासी युवा व्यवसायी शिवा जायसवाल दस दिन के इलाज बाद घर लौटे। गंभीर चोटों के बावजूद उनका हौसला कायम है। प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने अस्पताल में उनका हाल जाना था। घर पहुंचने पर लोगों का स्नेह उमड़ पड़ा।
- प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और दिल्ली सीएम ने ली थी जानकारी, भलुअनी में संवेदना व्यक्त करने वालों की भीड़
भलुअनी, देवरिया। दिल्ली के लाल किले के समीप हुए आतंकी बम विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए नगर पंचायत भलुअनी निवासी युवा व्यवसायी एवं यूथ ब्रिगेड के *रक्तवीर* शिवा जायसवाल बुधवार को एंबुलेंस से अपने घर पहुँचे। उनके घर पहुँचते ही नगरवासी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता लगातार कुशलक्षेम लेने पहुँचे। पूरा क्षेत्र संवेदनाओं और भावनाओं से भर उठा।
शिवा जायसवाल ने घटना की भयावह तस्वीरें याद करते हुए बताया कि वह अपनी दुकान के लिए सामान खरीदने दिल्ली गए थे। चांदनी चौक के पास पहुंचने ही वाले थे कि अचानक तेज धमाका हुआ और वह जमीन पर गिर पड़े। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। होश आने पर डॉक्टरों ने बताया कि वह बम विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि विस्फोट में उनके चेहरे, सिर, हाथ, पीठ, साथ ही कान और नाक में गंभीर चोटें आईं। कमर, कान और नाक का ऑपरेशन भी किया गया है। दस दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद घर लौटे शिवा अब भी उस भयावह मंजर को याद कर सिहर उठते हैं।
शिवा ने बताया कि इलाज के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उनसे मिलने पहुंचे थे। विस्फोट के समय की स्थिति अत्यधिक गंभीर होने के कारण उन्हें उस समय की बातें कम याद हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद कुछ घटनाक्रम याद आया। तीनों शीर्ष नेताओं ने उनका हाल-चाल लिया, घटना की जानकारी पूछी और उन्हें शीघ्र स्वस्थ होने का उत्साह भी दिया।
शिवा की मां माया जायसवाल, जो भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं और कैंसर से जूझ रही हैं, बेटे को देखकर भावुक हो उठीं। बोल पाने में असमर्थ होने के बावजूद उनके आंसू और चेहरे की विवशता बेटे के दर्द को बयान कर रही थी। बेटे के स्वस्थ होने की खबर ने उनके चेहरे पर राहत का भाव लाया, लेकिन ममत्व की चिंता अब भी झलक रही थी।
शिवा के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त करने वालों में निफा जिलाध्यक्ष एवं यूथ ब्रिगेड के संस्थापक सन्तोष मद्धेशिया वैश्य, मनोज मद्धेशिया, दिनेश गुप्ता, श्रवण चौरसिया, मोहनलाल वर्मा, प्रमोद मौर्या, अमित मद्धेशिया, प्रशांत सहित कई लोग शामिल रहे। सभी ने शिवा को हिम्मत बंधाई और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
स्थानीय क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश के साथ-साथ पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति की लहर व्याप्त है। नगरवासी शिवा के साहस की प्रशंसा कर रहे हैं और उनके पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
दिल्ली धमाके में भलुअनी का युवा व्यापारी शिवा जायसवाल घायल, नगर में चिंता का माहौल
दो दशक में दसवीं बार मुख्यमंत्री: नीतीश कुमार ने रचा नया राजनीतिक कीर्तिमान



