National

लद्दाख: वाहन नदी में गिरा, सात सैनिकों की मौत

लेह/नयी दिल्ली : सैनिकों को ले जा रहा एक वाहन शुक्रवार को लद्दाख में सड़क से फिसल कर श्योक नदी में गिर गया, जिसमें सात सैनिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये। थल सेना के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लेह जिले के नुब्रा क्षेत्र में थोइसे से करीब 25 किमी दूर स्थित तुकतुक सेक्टर में सुबह करीब नौ बजे यह दुर्घटना हुई।

अधिकारी ने बताया कि 26 सैनिकों के एक दल को लेकर वाहन परतापुर ट्रांजिट कैम्प से हनीफ सब-सेक्टर में स्थित एक अग्रिम स्थान पर जा रहा था।अधिकारियों ने बताया कि तेजी से बचाव अभियान चलाया गया और सभी सैनिकों को परतापुर स्थित सेना के अस्पताल में पहुंचाया गया।एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अब तक सात सैनिकों को मृत घोषित किया गया है। अन्य को गंभीर चोटें भी आई हैं। घायलों की सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे हैं, जिसमें अधिक गंभीर रूप से घायलों को वायुसेना की मदद से पश्चिमी कमान ले जाना भी शामिल है।’’(भाषा)

कोविंद, मोदी ने जताया शोक

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न नेताओं ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में सड़क हादसे में सात सैनिकों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।इस हादसे में सात सैनिकों की मौत हो गयी।श्री कोविंद ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “ यह जानकर दुख हुआ कि लद्दाख में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना ने हमारे कुछ बहादुर सैनिकों की मौत हो गयी। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ”

श्री मोदी ने एक ट्वीट संदेश में कहा, “ लद्दाख में एक सैन्य वाहन दुर्घटना में सेना के बहादुर जवानों की मृत्यु से व्यथित हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल जवानों के शीध्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचायी जा रही है। ”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा,“ लद्दाख में एक बस हादसे के कारण हमारे बहादुर भारतीय सेना के जवानों की मौत की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। हम देश के लिए उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं। ”

जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट किया,“ लद्दाख में एक दुखद बस दुर्घटना में हमारे बहादुर सेना के जवानों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। राष्ट्र के लिए उनकी निस्वार्थ सेवा हमेशा याद रहेगी। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ”उल्लेखनीय है कि लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में शुक्रवार को सेना के एक वाहन के श्योक नदी में गिरने से सात सैनिकों की मृत्यु हो गयी और 19 अन्य घायल हो गए।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: