
अमेरिका-ईरान शांति उम्मीद से शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1073 अंक उछला
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीद से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1073 अंक चढ़कर 76,488 पर और निफ्टी 24,031 के स्तर पर बंद हुआ। बैंकिंग, ऑटो, फाइनेंस, रियल्टी और तेल-गैस सेक्टर में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और एलएंडटी जैसे दिग्गज शेयरों में बड़ी तेजी दर्ज हुई। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी निवेशकों का भरोसा मजबूत किया।
मुंबई : अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता जल्द होने की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी रही और प्रमुख सूचकांक ढाई सप्ताह के उच्चतम स्तर पर बंद हुए।बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,073.61 अंक (1.42 प्रतिशत) उछलकर 76,488.96 अंक पर पहुंच गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 312.40 अंक यानी 1.32 प्रतिशत चढ़कर 24,031.70 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 08 मई के बाद का उच्चतम स्तर है।अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में प्रगति के बाद समझौते की उम्मीद जगी है। होर्मुज जलडमरूमध्य से व्यापारिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही की उम्मीद में बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है।वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.99 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.37 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
एफएमसीजी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, रियलटी, रसायन, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में निवेशकों ने ज्यादा विश्वास दिखाया।सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर हरे निशान में रहे। बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक 2.80 प्रतिशत की तेजी रही। एलएंडटी का शेयर 2.71 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का 2.67, इटरनल का 2.40, बजाज फिनसर्व का 2.37, कोटक महिंद्रा बैंक का 2.23, भारतीय स्टेट बैंक का 2.19, आईसीआईसीआई बैंक का 2.11 और एक्सिस बैंक का 2.06 प्रतिशत चढ़ा।
टाइटन का शेयर 1.87 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.84, मारुति सुजुकी का 1.41, इंडिगो का 1.36, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.28 और बीईएल का 1.25 प्रतिशत मजबूत हुआ। टेक महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, एनटीपीसी और पावर ग्रिड के शेयर भी हरे निशान में रहे।इंफोसिस और टीसीएस में गिरावट रही।वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.87 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.96 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग शेंग 0.86 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.47 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.22 प्रतिशत ऊपर था। (वार्ता)
जीएसटी अपील से जुड़े प्रकरणों का तय समय सीमा में हो निस्तारण, लंबित न रहें आवेदन: मुख्यमंत्री
पीएम मोदी पर टिप्पणी से गरमाई काशी की राजनीति, भाजपा-भाजयुमो ने किया जोरदार प्रदर्शन



