Business

हरे निशान पर बाजार खुलने के बाद भी सेंसेक्स 50 हजार के नीचे

मुंबई । आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 353.22 अंकों (0.71 फीसदी) की तेजी के साथ 49918.08 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 104.20 अंक (0.70 फीसदी) ऊपर 15010.20 के स्तर पर खुला। आज 1275 शेयरों में तेजी आई, 259 शेयरों में गिरावट आई, वहीं 49 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। अवकाश के कारण कम कारोबारी दिवस वाले पिछले सप्ताह में बीएसई सेंसेक्स में 473.92 अंक यानी 0.96 फीसदी की गिरावट आई।
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज शुरुआती कारोबार के दौरान एल एंड टी, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, टाइटन, रिलायंस, एसबीआई, आईटीसी, मारुति, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, नेस्ले इंडिया, सन फार्मा, ओएनजीसी, डॉक्टर रेड्डी, भारती एयरटेल, एम एंड एम और एचडीएफसी के शेयर हरे निशान पर खुले। वहीं बजाज ऑटो, टीसीएस और पावर ग्रिड के शेयर लाल निशान पर खुले। प्री ओपन के दौरान सुबह 9.02 बजे सेंसेक्स 201.52 अंक (0.41 फीसदी) ऊपर 49766.38 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 29.70 अंक (0.20 फीसदी) ऊपर 14935.70 पर खुला था।
देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह संयुक्त रूप से 1,13,074.57 करोड़ रुपये की कमी आई। इसमें सर्वाधिक नुकसान में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक रहे। शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से केवल दो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक साप्ताहिक आधार पर लाभ में रहे।
पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 159.12 अंकों (0.32 फीसदी) की तेजी के साथ 50061.76 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 30.50 अंक (0.20 फीसदी) ऊपर 15060.70 के स्तर पर खुला।  गुरुवार को शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 337.78 अंक यानी 0.68 फीसदी नीचे 49564.86 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 124.10 अंक यानी 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ 14906.05 के स्तर पर बंद हुआ था।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button