State

सौरभ भारद्वाज और आतिशी मार्लेना ने ली मंत्री पद की शपथ

नयी दिल्ली : दिल्ली सरकार में आम आदमी पार्टी(आप) के विधायक सौरभ भारद्वाज और आतिशी मार्लेना ने गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ली।उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने यहां राजभवन में दोनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार के अन्य मंत्री भी मौजूद थे।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को ही पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य सत्येंद्र जैन के इस्तीफे स्वीकार किए थे। इसके बाद श्री केजरीवाल की सलाह पर सुश्री मार्लेना और श्री भारद्वाज को दिल्ली के कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी मंजूरी भी दी थी।

उल्लेखनीय है कि सुश्री मार्लेना कालकाजी से विधायक हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में पूर्वी दिल्ली से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था। ‘आप’ राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से विधायक हैं। वह ‘आप’ सरकार के पहले कार्यकाल में भी मंत्री थे।ग़ौरतलब है कि कथित शराब नीति घोटाले में गिरफ्तारी के बाद श्री सिसोदिया ने इस्तीफा दिया था। उनके पास कुल 18 विभाग थे। पिछले वर्ष श्री जैन की गिरफ्तारी के बाद उनके विभाग भी श्री सिसोदिया को सौंप दिए गए थे। श्री सिसोदिया और श्री जैन दोनों यहां तिहाड़ जेल में बंद हैं।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button