
देश में कोरोना वायरस को हराने के लिए भारत में वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चल रहा है। इस दौरान भारत ने एक बार फिर वैक्सीनेशन अभियान में कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत में एक दिन में 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लोगों को दी गई है। जानकारी के लिए बता दें कि बीते 11 दिनों में यह तीसरा मौका है, जब भारत में एक ही दिन में 1 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को वैक्सीन लगाई गई हो। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 6 सितम्बर को भारत ने 1 करोड़ से अधिक नागरिकों को वैक्सीन की खुराक दी है। इसके साथ ही भारत में अब तक COVID-19 टीकाकरण के तहत 70 करोड़ से अधिक नागरिकों को कोरोना की खुराक दी जा चुकी है।
महज 13 दिनों में भारत ने लगाए 10 करोड़ टीके
कोरोना को हारने के लक्ष्य के साथ देश में टीकाकरण अभियान की शुरूआत की गई थी। इस दौरान भारत को 0-10 करोड़ टीके लगाने में कुल 85 दिन लगे। इसके बाद 10-20 करोड़ तक पहुँचने में 45 दिन, 20-30 करोड़ तक पहुँचने में 29 दिन, 30-40 करोड़ तक पहुंचने में 24 दिन, 40-50 करोड़ में 20 दिन, 50-60 करोड़ में 19 दिन और अब 60-70 करोड़ टीके लगाने में महज 10 दिन लगे।
सीनियर सिटीजनों से आगे निकले युवा
देश में ऐसा पहली बार हुआ है जब टीका लगवाने में देश के युवा बुजुर्गों से आगे निकल गए हैं। देश में 18 से 44 वर्ष के नागरिकों के लिए टीकाकरण 1 मई से शुरू किया गया था। 6 सितंबर की रात तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार देश में 18-44 आयुवर्ग में 34.8 करोड़ वैक्सीन दी जा चुकी है, जोकि बाकी वयस्क आबादी को दी गई 34.7 करोड़ डोज की संख्या से ज्यादा है।
पीएम मोदी ने किया ट्वीट
टीकाकरण के बारे में पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि टीकाकरण के मोर्चे पर और क्रिकेट पिच पर (फिर से) शानदार दिन। हमेशा की तरह टीम इंडिया जीत गई।
यूपी में रिकॉर्ड टीकाकरण
यूपी ने कोविड टीकाकरण में नया रिकार्ड बनाया है. सोमवार, 6 सितंबर को एक दिन में जहां यूपी में 30 लाख 69 से ज्यादा लोगों को टीकाकृत किया गया। जानकारी के लिए बता दें कि बीते नौ दिनों में उत्तर प्रदेश के एक करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया है। इसके अलावा यूपी पूरे देश में सर्वाधिक जांच करने वाला प्रदेश भी है।
क्या है वैक्सीनेशन का आंकड़ा
देश में अबतक 70 करोड़ से अधिक नागरिकों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश 7,75,34,131 के आंकड़ें के साथ सबसे ऊपर है। यूपी के बाद इस सूची में महाराष्ट्र (6,29,51,338), गुजरात (4,91,48,580) और मध्य प्रदेश (4,86,32,050) शामिल हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों की बात करें तो इस सूची में असम 1,85,12,199 के आंकड़ें के साथ नंबर एक पर है। अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के तहत त्रिपुरा में 33,66,180, मणिपुर में 15,62,413, मेघालय में 13,54,948, मिजोरम में 9,18,836 और सिक्किम में 6,92,891 नागरिकों को टीका लगाया जा चुका है।