रविदास जयंती: भाजपा की तैयारियां तेज, 29 जुलाई से शुरुआत
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा 29 जुलाई से वाराणसी की जन्मस्थली से राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों की शुरुआत करेगी। आयोजन में 27 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कलश पूजन, कलश यात्रा, जनसंपर्क और जनसभा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें व्यवस्थाओं, विभागवार जिम्मेदारियों और कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
वाराणसी : संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 29 जुलाई को संत रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से होगी। इसमें देश के 27 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन के तहत कलश पूजन, कलश यात्रा, जनसंपर्क और जनसभा समेत विभिन्न कार्यक्रम होंगे। आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को सर्किट हाउस में भाजपा के चुनिंदा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। अध्यक्षता भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की।
आयोजन की व्यापक तैयारियों के लिए भाजपा ने पूरी व्यवस्था को दो भागों में विभाजित कर 17 विभाग बनाए हैं। इन विभागों की जिम्मेदारी चुनिंदा और अनुभवी कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। बैठक में कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि संत रविदास महाराज ने करीब 650 वर्ष पूर्व समाज में समरसता, समानता और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया था। भाजपा उनके विचारों को देश के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन भी है। पार्टी का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और समावेशिता को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 28 एवं 29 जुलाई को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक में कलश पूजन, कलश यात्रा और जनसभा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। शहर के प्रमुख चौराहों, प्रमुख मार्गों, संत रविदास महाराज की जन्मस्थली और सभास्थल की साज-सज्जा के साथ ही 27 राज्यों में संत रविदास महाराज के पूजित कलश भेजने की तैयारियों पर भी गहन मंथन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री अनिल यादव, सुरेंद्र नारायण सिंह ओढ़े, अमरनाथ यादव, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, नवीन कपूर, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर,अमित राय,संजय सोनकर, अशोक पटेल, सुरेंद्र पटेल, आलोक श्रीवास्तव, सुरेश सिंह, जेपी दुबे, आत्मा विश्वेश्वर, अभिषेक मिश्रा, मधुकर चित्रांश, अरविंद पटेल, विजय गुप्ता, अरविंद पांडेय, अशोक जाटव, हरि केशरी, विनय मोर्या, चंद्रशेखर उपाध्याय, शैलेष पांडेय, संदीप सिंह मिंटू, संदीप केशरी और अजय गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिंग रोड से जुड़ेगी सारनाथ एलिवेटेड रोड, अफसरों की टीम ने लिया जायजा



