State

पांचवे चरण की 14 लोकसभा सीटों और लखनऊ पूर्व विधानसभा उप चुनाव के लिए 19 मई को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

रायबरेली में दिनेश प्रताप सिंह दे रहे कड़ी टक्कर

  • पांचवे चरण के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समय से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के दिए गए निर्देश
  • सभी मतदान कर्मियों को हीट स्ट्रोक और स्वास्थ्य के दृष्टिगत मेडिकल किट कराई जाएगी उपलब्ध
  • सभी मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर मतदाताओं एवं मतदान कर्मियों के लिए उपलब्ध रहेंगी जरूरी सुविधाएं

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के पांचवे चरण की 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों तथा लखनऊ पूर्व विधानसभा उप निर्वाचन के लिए 20 मई, 2024 को होने वाले मतदान को सकुशल, निष्पक्ष व शान्तिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न कराने के लिए 19 मई (रविवार) को मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके लिए पांचवे चरण के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समय से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पांचवे चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोहनलालगंज (अ0जा0), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (अ0जा0), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (अ0जा0), बाराबंकी (अ0जा0), फैजाबाद, कैसरगंज और गोण्डा लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है, जबकि लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र में उप निर्वाचन होना है।

उपलब्ध कराई जाएगी मेडिकल किट
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नवदीप रिणवा ने बताया कि पांचवे चरण के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर मतदाताओं एवं मतदान कर्मियों के लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए गए है। पोलिंग पार्टियों के रवाना होने से पहले सभी मतदान कर्मियों को हीट स्ट्रोक से बचने और स्वास्थ्य के दृष्टिगत मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उपयोग किया जा सके।

अमेठी और रायबरेली जैसी हाई प्रोफाइल सीटों पर भी है जीत का है दावा, स्मृति ईरानी और दिनेश प्रताप सिंह के समर्थन में सीएम योगी ने की हैं जनसभाएं

लखनऊ : चुनौती देता पारा और हौसलों को डिगाने वाली हीट वेव के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ऊर्जा और अथक मेहनत उत्तर प्रदेश में जारी लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए वरदान साबित हो रही है। भीषण गर्मी के बावजूद तूफानी अंदाज में प्रदेश के अंदर और अन्य प्रदेशों में चुनाव प्रचार के अभियान में जुटे सीएम योगी के इन्हीं प्रयासों के कारण भाजपा को पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश में अपना पिछला प्रदर्शन फिर से दोहराने की उम्मीद है। पिछले लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने इन 14 लोकसभा सीटों में से 13 पर कब्जा जमाया था, जबकि रायबरेली की एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी।

इस बार सीएम योगी ने इन सभी 14 सीटों पर धुआंधार प्रचार किया है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि अमेठी और रायबरेली जैसी हाई प्रोफाइल सीटों समेत सभी 14 सीटों पर कमल खिलेगा। उल्लेखनीय है कि पांचवे चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है। इनमें मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोण्डा लोकसभा सीटें शामिल हैं। इन सभी लोकसभा सीटों पर सीएम योगी लगातार चुनाव प्रचार कर भाजपा के समर्थन में माहौल बना चुके हैं।

लखनऊ सीट से राजनाथ सिंह की जीत सुनिश्चित
लखनऊ लोकसभा सीट से एक बार फिर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार तीसरी बार मैदान में हैं। इस सीट पर 1991 से ही भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। 1991 से 2009 तक यहां से पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी सांसद रहे, जबकि 2009 से 2014 के बीच लाल जी टंडन विजयी हुए। 2014 और 2019 लोकसभा चुनावों में राजनाथ सिंह ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की थी। राजनाथ सिंह के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। मंत्री रह चुके मेहरोत्रा फिलहाल लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। वहीं बसपा ने सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है। लखनऊ में सीएम योगी ने लगातार तीन दिन तक चुनावी प्रचार किया है और इस सीट पर चुनाव पूरी तरह राजनाथ सिंह के समर्थन में एकतरफा नजर आ रहा है।

रायबरेली में दिनेश प्रताप सिंह दे रहे कड़ी टक्कर
उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें से रायबरेली लोकसभा सीट भी है। ये राज्य की इकलौती सीट है जहां 2019 में कांग्रेस को जीत मिली थी। तब सोनिया गांधी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। सोनिया अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं। कांग्रेस ने काफी इंतजार के बाद रायबरेली से राहुल गांधी को चुनाव मैदान उतारा है। वहीं भाजपा ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एमएलसी दिनेश प्रताप फिलहाल योगी सरकार में मंत्री भी हैं। पिछले चुनाव से लेकर अब तक यहां काफी बदलाव आ चुका है। योगी सरकार ने प्रदेश के साथ-साथ इस क्षेत्र में भी काफी विकास कार्य कराया है। यही नहीं,भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह की ग्राम प्रधानों में अच्छी पकड़ मानी जाती है। यही नहीं रायबरेली के कई प्रमुख कांग्रेसी नेता अब बीजेपी के साथ हैं। कांग्रेस नेता रहे अखिलेश कुमार सिंह की बेटी अदिति सिंह रायबरेली से बीजेपी की विधायक हैं। वहीं, ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे भी बीजेपी में आ चुके हैं, जिससे भाजपा की उम्मीदें कई गुना बढ़ गई हैं।

अमेठी में स्मृति ईरानी का दावा मजबूत
अमेठी की सीट भी सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में से एक है। केंद्रीय मंत्री और अमेठी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को करारी शिकस्त दी थी। सीएम योगी के नेतृत्व में स्मृति ईरानी ने जिस अंदाज में राहुल गांधी को यहां से हराया, उसी का नतीजा है कि चार दशक बाद पहली बार इस सीट से गांधी परिवार का कोई सदस्य यहां से चुनाव नहीं लड़ रहा। इसीलिए इस सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। स्मृति ईरानी के यहां से जीतने के बाद से यहां भाजपा लगातार मजबूत होती गई। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने गौरीगंज छोड़कर बाकी सभी 4 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी तो 2022 में भी भाजपा तीन सीटें जीतने में कामयाब रही थी। इस बार सीएम योगी ने कई बार यहां रैली की है और पूरी उम्मीद है कि एक बार फिर इस सीट से भाजपा विजयी होकर निकलेगी।

इन सीटों पर भी रहेगी नजर
कैसरगंज में मौजूदा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को भाजपा ने टिकट दिया है। उनका मुकाबला सपा के भगत राम मिश्रा और बसपा के नरेंद्र पांडे से है। इस सीट पर करण भूषण का पलड़ा बाकी प्रत्याशियों की तुलना में कहीं मजबूत है। झांसी में भाजपा के मौजूदा सांसद अनुराग शर्मा फिर एक बार ताल ठोंक रहे हैं। उनका सामना कांग्रेस के प्रदीप जैन आदित्य और बसपा के रवि प्रकाश मौर्य से है। वहीं, मोहनलालगंज में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर मोहनलालगंज लोकसभा क्षेत्र से तीसरी बार प्रत्याशी हैं। उन्हें सपा के आरके चौधरी और बसपा के राजेश कुमार चुनौती दे रहे हैं। इसी तरह, बांदा में मौजूदा बीजेपी सांसद आरके सिंह पटेल फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका सामना सपा की कृष्णा देवी पटेल और बसपा के मयंक द्विवेदी से है। कौशांबी लोकसभा सीट पर मौजूदा बीजेपी सांसद विनोद सोनकर भी तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं, जबकि सपा के पुष्पेंद्र सरोज उनके सामने हैं। वहीं हमीरपुर में भी भाजपा ने मौजूदा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल को तीसरी बार मैदान पर उतारा है। उनके सामने सपा के अजेंद्र सिंह राजपूत हैं। फतेहपुर में केंद्रीय मंत्री और मौजूदा बीजेपी सांसद साध्वी निरंजन ज्योति भी अपने तीसरे कार्यकाल के लिए मैदान में हैं। उनके सामने सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल हैं।

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button