
ठेला पटरी दुकानदारों का छलका दर्द, दुकानें खोलने की माँगी अनुमति
भलुअनी (देवरिया) । बाजार में पटरियों पर सब्जी, फल, भुजा, चाट, फ़ास्ट फ़ूड, मिठाई इत्यादि की दुकान लगाकर अपने व अपने परिवार का पेट भरने वाले छोटे गरीब दुकानदारों ने 30 मई को आर्थिक समस्याओं से सम्बंधित दर्द को साझा करते हुये दुकानें खोलने की अनुमति देने की माँग किया । कोरोना वायरस के रूप में फैली महामारी के बीच हुये लॉकडाउन से फुटपाथों पर ठेला खोमचा लगाकर अपना व अपने परिवार का भरण पोषण करने वाले छोटे छोटे दुकानदारों के सामने भुखमरी के हालात पैदा हो गये हैं । ऐसे छोटे दुकानदारों की लॉकडाउन की वजह से पिछले दो महीनों से दुकानें बंद होने से बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है । ऐसे दुकानदार अपनी दयनीय हालत पर बेहद चिंतित हैं । इन दुकानदारों का कहना है कि हम सभी ने इस महामारी से लड़ने में अपनी दुकानें बंद रखकर दूसरों से कर्ज लेकर किसी तरह दो महीने काटकर शासन प्रशासन का भरपूर सहयोग किया हैं पर अब हम सबके सामने दूसरा कोई रास्ता नही दिख रहा है । दुकानदारों का कहना है अब हम सभी बहुत मुश्किल परिस्थिति में हैं, गांवों में ठेला लेकर जाते हैं तो गांव के लोंगों द्वारा भगाया जाता है, जब बाजारों में अन्य दुकानों को खोलने की अनुमति मिल चुकी है तो हम सभी को भी अनुमति दी जाय । जब सरकार द्वारा शराब की दुकानों को खोलने की अनुमति दी गयी है जहाँ हजारो सैकड़ो की भीड़ हो रही है, बैकों पर भी सैकड़ो की भीड़ हो रही है तो सिर्फ हम छोटे गरीब दुकानदारों पर ही पाबंदी क्यूँ लगायी जा रही है । हम सभी को भी दुकानें खोलने की छूट दी जाय जिससे हम सभी की भी रोजी रोटी चल सके, सरकार द्वारा हमें कोई आर्थिक सहयोग भी नही मिल रहा है जिससे हम अपनी जरूरतों को पूरा कर सकें ।

ठेला पटरी दुकानदारों ने अपनी पीड़ा साझा की
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बाजार में अब बहुत भीड़ भी नही हो रही है जिससे हम सभी की दुकानें खुलने से प्रशासन को दिक्कत हो । भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुबोध जायसवाल के नेतृत्व में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ भलुअनी के पदाधिकारियों सहित टिंकू गुप्ता, रोहित मद्धेशिया, छट्ठू वर्मा, गुड्डू मद्धेशिया, ओमनाथ गोड़, धर्मेंद्र मद्धेशिया, विजय मद्धेशिया, शंकर मद्धेशिया, छोटू मद्धेशिया, कपूरचंद गुप्ता, नागेंद्र मद्धेशिया, सन्दीप गुप्ता, राजकुमार मद्धेशिया, जीउत मद्धेशिया, रामाज्ञा मद्धेशिया सहित दर्जनों दुकानदारों ने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय चौथे लॉकडाउन के कुछ दिनों बाद ही देश के सभी ठेला खोमचा व पटरी दुकानदारों को दुकानें खोलने की अनुमति दे चुके हैं, अतः हम सभी को भी अनुमति दी जाय । दुकानदारों ने कहा कि अब यह स्थिति हो गयी है कि हमारी दुकानें नही खुली तो हम भूखों मर जायेंगें । इनका कहना है की हमें भाड़े पर रहने की वजह से मकानमालिकों द्वारा किराया भी मांगा जा रहा है जो हम सभी दुकानें बंद होने की वजह से नही दे पा रहे है । किराया के साथ साथ बिजली बिल व अन्य तरह के भी खर्चे हैं जिससे हम सभी की समस्याएं बढ़ रही हैं । आज लॉकडाउन का चौथा चरण समाप्त हो रहा है और पांचवे लॉकडाउन की पूरी सम्भावना है ऐसी स्थिति में हम सभी के पास एक भी पैसा नही है कि आगे का खर्च चला सकें । हम सभी की समस्याओं को देखते हुये जिलाधिकारी महोदय अमितकिशोर जी हमें दुकानें खोलने की अनुमति दें ।



